featuredकोरबाखेलछत्तीसगढ़

कोरबा के 12 कूडो खिलाड़ियों का अहमदाबाद राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन, कलेक्टर से आर्थिक मदद की गुहार

कोरबा। जिले के कूडो खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई है। अब डिस्ट्रिक्ट कूडो एसोसिएशन ऑफ कोरबा ने खिलाड़ियों की आर्थिक सहायता के लिए कलेक्टर से सहयोग की मांग की है।

एसोसिएशन द्वारा कलेक्टर को दिए गए आवेदन के अनुसार छत्तीसगढ़ खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार दुर्ग में आयोजित 5वीं छत्तीसगढ़ स्टेट कूडो टूर्नामेंट 2026-27 में कोरबा जिले के 20 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 12 बालक- बालिकाओं का चयन अहमदाबाद में आयोजित होने वाली 18वीं अक्षय कुमार कूडो नेशनल टूर्नामेंट, 17वीं राष्ट्रीय कूडो टूर्नामेंट एवं 6 वीं फेडरेशन कप प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

12 से 19 नवंबर तक अहमदाबाद में होगी प्रतियोगिता

आवेदन में बताया गया है कि चयनित खिलाड़ियों को नवंबर 2026 में अहमदाबाद में होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेना है। पत्र में प्रतियोगिता की अवधि 12 नवंबर से 19 नवंबर 2026 बताई गई है। खिलाड़ियों के अनुसार प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए करीब 20 हजार रुपये प्रति खिलाड़ी का खर्च संभावित है। इसमें लगभग 15 हजार रुपये एंट्री फीस तथा करीब 5 हजार रुपये कूडो ड्रेस, बेल्ट, रैंक दर्शाने वाली किकिंग पैड, पंचिंग बैग, चेस्ट गार्ड, टीथ गार्ड और हेड गार्ड आदि का खर्च शामिल है।

एसोसिएशन ने कलेक्टर से आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि आर्थिक परेशानी के कारण जिले की प्रतिभाओं का राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर न छूटे।

इन खिलाड़ियों का हुआ चयन

अहमदाबाद राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए कोरबा से चयनित खिलाड़ियों में सीता रजक, सुकृता केवट, खुशी नागवंशी, मुस्कान राठौर, प्रेरणा कहर, कीर्ति खांडे, गौरी, रीना, नंदिनी दास, वंशिका श्रीवास, आस्था कौशिक और गीता।

जिला कूडो एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि खिलाड़ियों ने मेहनत और अनुशासन के दम पर जिले का नाम रोशन किया है। अब उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से खिलाड़ियों के हित में सकारात्मक पहल करने की अपील की है।

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कोरबा के 12 खिलाड़ियों का चयन जिले के लिए गौरव की बात है। यदि खिलाड़ियों को समय पर आर्थिक सहयोग मिल जाता है तो वे अहमदाबाद में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर कोरबा और छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकते हैं।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button