जिला पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में गठित समिति महिला उत्पीड़न की घटनाओं की करेगी सतत निगरानी
समिति पीड़ित महिलाओं को समुचित मार्गदर्शन एवं सहायता दिलाने में करेगी मदद
गरियाबंद 28 फरवरी 2024/कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने जिला स्तर पर महिला उत्पीड़न तथा अनैतिक व्यापार की घटनाओं के रोकथाम एवं सतत निगरानी करने महिला उत्पीड़न निवारण तथा अनैतिक व्यापार रोकथाम समिति गठित की है। समिति के अध्यक्ष जिला पुलिस अधीक्षक होंगे। समिति में कलेक्टर के प्रतिनिधि के रूप में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी स्तर के अधिकारी, सहायक आयुक्त जिला संयोजक एसटी, एससी, ओबीसी कल्याण विभाग एवं उपसंचालक पंचायत सदस्य बनाए गए है। डीपीओ महिला एवं बाल विकास विभाग समिति के सदस्य सचिव होंगे। इसके अलावा महिला चिकित्सक के रूप में चिकित्सा अधिकारी डॉ बी बारा एवं डॉ नेहा शर्मा सदस्य बनाए गए है। महिला अभिभाषक के रूप में अधिवक्ता सिविल न्यायालय गरियाबंद पूर्णिमा तिवारी एवं अधिवक्ता छुरा दिव्या शर्मा समिति में शामिल है। इसी प्रकार महिला कल्याण के क्षेत्र में कार्यरत स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि के रूप में लोक आस्था सेवा संस्थान केशोडार गरियाबंद की सुश्री लता नेताम एवं स्वावलंबी महिला विकास समिति गरियाबंद की अध्यक्ष ताकेश्वरी साहू को शामिल किया गया है। महिला कल्याण के क्षेत्र में कार्यरत दो महिला सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में खोज एवं जन जागृति समिति मैनपुर की अध्यक्ष सरस्वती ध्रुव एवं प्रीति मिश्रा को समिति के सदस्य बनाए गए है।
महिला उत्पीड़न निवारण तथा अनैतिक व्यापार रोकथाम समिति के अशासकीय सदस्यों की कार्य अवधि दो वर्ष होगी। समयावधि पश्चात पुनः सदस्यों का नामांकन नवीनीकरण समिति द्वारा किया जा सकेगा। यह समिति महिलाओं एवं बच्चों के अनैतिक व्यापार को रोकने एवं नियमित निगरानी के कार्यों तथा अपेक्षाओं का निष्पादन करेगी। समिति में शामिल सेवकों के लिए पृथक से मानदेय का प्रावधान नही होगा। समिति का उद्देश्य महिला अत्याचार, अनैतिक व्यापार के विरुद्ध कारगर कार्यवाही सुनिश्चित करना, पीड़ित महिलाओं को समुचित मार्गदर्शन एवं सहायता दिलाने में सहयोग करना तथा महिला उत्पीड़न के प्रकरणों अनैतिक व्यापार की रोकथाम के लिए व समाज में स्वस्थ वातावरण निर्माण करने के लिए जन चेतना जागृत करना है। साथ ही पंचायत राज संस्थाओं व स्वयं सेवी संस्थाओं को प्रेरित करना है।