featuredकोरबाछत्तीसगढ़

जन्माष्टमी-गणेश चतुर्थी से पहले कोरबा पुलिस का बड़ा एक्शन

करीब 200 आदतन अपराधियों और निगरानी बदमाशों को थाने-चौकियों में बुलाकर दी कड़ी चेतावनी, 50 को ASP लखन पटले ने समझाया

कोरबा। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने कमर कस ली है। जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले संभावित असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।

अभियान के तहत जिले के प्रत्येक थाना एवं चौकी क्षेत्र में आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों तथा पूर्व में त्योहारों के दौरान विवाद, हुड़दंग अथवा आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों को बुलाया गया। पुलिस ने उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ उन्हें कानून का पालन करने की कड़ी समझाइश दी।

जिलेभर में करीब 200 लोगों की हुई काउंसलिंग

कोरबा पुलिस के विशेष अभियान के दौरान विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में करीब 200 व्यक्तियों को बुलाकर समझाइश दी गई। वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लगभग 50 व्यक्तियों को उपस्थित कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने सीधे तौर पर चेतावनी दी।

ASP लखन पटले ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आगामी पर्व के दौरान सभी लोग कानून के दायरे में रहकर पर्व मनाएं और किसी भी विवाद, हुड़दंग अथवा आपराधिक गतिविधि से दूर रहें। उन्होंने चेताया कि त्योहार की आड़ में शांति व्यवस्था बिगाड़ने या अपराध करने का प्रयास किया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

त्योहार के दौरान असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर

जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी के दौरान कोरबा पुलिस द्वारा आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों और पूर्व में विवादों में शामिल रहे लोगों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर समय रहते प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

शांति भंग करने वालों को पुलिस की दो टूक

कोरबा पुलिस ने साफ कर दिया है कि धार्मिक पर्व की आड़ में हुड़दंग, विवाद, उपद्रव या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस का लक्ष्य है कि जिले में जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी के सभी आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे शांति और सद्भाव के साथ पर्व मनाएं, कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध या अप्रिय गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button