featuredकोरबाछत्तीसगढ़

कोरबा रेलवे स्टेशन में पुलिस का व्यापक मॉक ड्रिल अभियान

आपदा प्रबंधन से साइबर सुरक्षा तक यात्रियों को किया जागरूक, आगजनी और आपात स्थिति से निपटने का किया अभ्यास

कोरबा। किसी भी आकस्मिक घटना, आगजनी या आपदा की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा और त्वरित राहत-बचाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने रेलवे स्टेशन में व्यापक जागरूकता एवं मॉक ड्रिल अभियान चलाया। अभियान में SDRF, RPF, GRP, मेडिकल टीम, होमगार्ड एवं कोरबा पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।

मॉक ड्रिल के दौरान रेलवे स्टेशन अथवा ट्रेन में दुर्घटना या आपदा की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल रेस्क्यू, यात्रियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का अभ्यास किया गया। आपात स्थिति में रेस्क्यू के लिए निर्धारित रूट, संबंधित टीमों की जिम्मेदारियां और त्वरित निर्णय लेने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से अभ्यास किया गया।

आगजनी की स्थिति में क्या करें, दी व्यावहारिक जानकारी

अभियान के दौरान ट्रेन की पैंट्री अथवा रेलवे स्टेशन परिसर में आग लगने की स्थिति से निपटने के उपाय बताए गए। फायर सेफ्टी एवं होमगार्ड के कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग और आग पर प्राथमिक नियंत्रण के तरीके समझाए। यात्रियों और आम नागरिकों को अपील की गई कि आगजनी की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और संयम के साथ सुरक्षित स्थान की ओर जाएं तथा बचाव दल का सहयोग करें।

फ्री Wi-Fi के इस्तेमाल में सावधानी की अपील

मॉक ड्रिल के साथ पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के तहत यात्रियों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। यात्रियों को RailWire/RailNet जैसे सार्वजनिक Wi-Fi का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई।

पुलिस ने समझाया कि सार्वजनिक Wi-Fi के दौरान बैंकिंग, UPI, पासवर्ड अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अनजान वेबसाइट या ऐप पर व्यक्तिगत जानकारी दर्ज नहीं करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

ये अधिकारी रहे मौजूद

अभियान के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक  प्रतीक चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक अनथ राम पैंकरा, RPF इंस्पेक्टर सतीश कुमार एवं साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा सहित SDRF, GRP, RPF, मेडिकल टीम, होमगार्ड एवं कोरबा पुलिस के अधिकारी- कर्मचारी मौजूद रहे।

आपदा से निपटने की तैयारी को मजबूत करना उद्देश्य

कोरबा पुलिस के इस संयुक्त मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी आकस्मिक घटना के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, प्रभावी रेस्क्यू ऑपरेशन, अंतर-विभागीय समन्वय और यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने की तैयारियों को और मजबूत करना रहा। अभियान के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि आपदा प्रबंधन के साथ-साथ साइबर सुरक्षा भी आज की सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button