featuredकोरबाछत्तीसगढ़

कोरबा में साइबर जागृति अभियान तेज, शिक्षक दिवस पर सीएसपी बने साइबर शिक्षक

डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल से बचाव के बताए तरीके, OTP-यूपीआई पिन साझा नहीं करने की दी समझाइश

कोरबा। जिले में साइबर अपराधों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए कोरबा पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान’ लगातार जारी है। अभियान के तृतीय सप्ताह में डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल जैसे बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर वरिष्ठ नागरिकों सहित आम लोगों के बीच टाउनहॉल एवं साइबर पाठशाला कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष ‘साइबर पाठशाला’ में सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी साइबर शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध के नए तरीकों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर के निर्देशन में 5 सितंबर को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इन स्थानों पर पहुंची पुलिस की साइबर पाठशाला

थाना बाकीमोगरा की टीम ने एसबीआई बैंक, शासकीय उचित मूल्य की दुकान और सर्वमंगला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरकछार, थाना पाली ने स्वामी आत्मानंद विद्यालय एवं एकलव्य आवासीय परिसर शैला, सीएसईबी चौकी ने नया बस स्टैंड, थाना सिविल लाइन ने जिला अस्पताल कोरबा, थाना कोतवाली ने पाल्म मॉल एवं गुरुनानक पब्लिक स्कूल इतवारी, थाना उरगा ने स्वर्गीय श्यामलाल कंवर कॉलेज तथा थाना दीपका ने न्यू सोनू रेस्टोरेंट, बजरंग चौक में नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी।

पुलिस टीमों ने विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल के मामलों को लेकर लोगों को सतर्क किया। नागरिकों को बताया गया कि पुलिस या कोई सरकारी एजेंसी फोन अथवा वीडियो कॉल पर किसी व्यक्ति को डिजिटल तरीके से गिरफ्तार करने या डराकर पैसे ट्रांसफर कराने की कार्रवाई नहीं करती।

OTP और UPI PIN को लेकर बरतें सावधानी

कार्यक्रमों में नागरिकों को समझाइश दी गई कि OTP, UPI PIN, पासवर्ड, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी अथवा अन्य गोपनीय विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। इसके अलावा अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने तथा फर्जी वेबसाइट पर व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी दर्ज करने से बचने की सलाह दी गई।

कोरबा पुलिस ने शिक्षक दिवस के संदेश को साइबर सुरक्षा से जोड़ते हुए नागरिकों से कहा
“मैं हूँ साइबर शिक्षक! शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। साइबर शिक्षा से ही है साइबर सुरक्षा।”

पुलिस ने नागरिकों से ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ लेकर अपने परिवार और परिचितों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने तथा छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान में भागीदारी निभाने की अपील की।

ठगी हो जाए तो तुरंत करें शिकायत

कोरबा पुलिस ने अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें अथवा cybercrime. gov. in के माध्यम से ऑनलाइन रिपोर्ट करें। पुलिस के मुताबिक ठगी के तुरंत बाद की गई शिकायत साइबर ठगी की रकम को रोकने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराध के प्रति स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button