featuredकोरबाछत्तीसगढ़

गेवरा रोड से सभी यात्री ट्रेनों के पुनः परिचालन की मांग,विधायक प्रेमचंद पटेल ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

कोरबा-बिलासपुर-रायपुर आने-जाने वाले हजारों यात्रियों की परेशानी का हवाला, 50 गांवों के विस्थापित परिवारों को भी रेल सुविधा देने की मांग

कोरबा। कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल ने गेवरा रोड रेलवे स्टेशन से यात्री ट्रेनों के पूर्व निर्धारित समय के अनुसार पुनः परिचालन की मांग को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। विधायक ने क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधा की समस्या को गंभीरता से लेते हुए यात्रियों के हित में आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है।

विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 22 कटघोरा के अंतर्गत आने वाला गेवरा रोड रेलवे स्टेशन पुराना और महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है। पुराने स्टेशन रिकॉर्ड के अनुसार यहां से दो ओरिजिनेटिंग तथा तीन टर्मिनेटिंग यात्री सेवाएं संचालित होती थीं। लगभग 50 वर्ष पुराने इस स्टेशन से यात्री ट्रेनों का नियमित परिचालन क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन रहा है।

पत्र में कहा गया है कि कोविड-19 के समय से यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होने के कारण कोयलांचल क्षेत्र के श्रमिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को कोरबा, बिलासपुर, रायपुर तथा पेंड्रा रोड सहित अन्य स्थानों तक आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कोयलांचल क्षेत्र के लिए रेल सेवा बेहद महत्वपूर्ण

विधायक पटेल ने रेल मंत्री का ध्यान एसईसीएल गेवरा क्षेत्र की ओर भी आकर्षित कराया है। उन्होंने कहा कि गेवरा क्षेत्र एशिया के प्रमुख कोयला उत्पादन क्षेत्रों में शामिल है और यहां से बड़ी मात्रा में कोयले का परिवहन रेल मार्ग से किया जाता है। इसके बावजूद गेवरा रोड स्टेशन से पर्याप्त यात्री सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से आसपास के लोगों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने बताया कि एसईसीएल दीपका, गेवरा, कुसमुंडा और कोरबा परियोजनाओं के अंतर्गत आने वाले लगभग 50 गांवों के विस्थापित परिवारों के सदस्यों को भी आवागमन के लिए रेल सुविधा की आवश्यकता है।

रेल मंत्री से की तत्काल पहल की मांग

विधायक प्रेमचंद पटेल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आग्रह किया है कि गेवरा रोड रेलवे स्टेशन से सभी यात्री ट्रेनों का पूर्व निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पुनः परिचालन शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि यात्री ट्रेनों का नियमित संचालन शुरू होने से कोयलांचल क्षेत्र के हजारों श्रमिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, विस्थापित परिवारों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।

विधायक ने पत्र की प्रतिलिपि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के महाप्रबंधक एवं बिलासपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी है।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button