देशभर के ख्यातिलब्ध भजन गायकों की सुरमयी प्रस्तुतियां, बाबा श्याम का सजेगा अलौकिक दरबार

कोरबा। जिले के ग्राम बुंदेली स्थित श्री श्याम अखाड़ा परिसर में भक्ति, आस्था और संगीत का भव्य संगम देखने को मिलेगा। हर वर्ष की परंपरा के अनुरूप आगामी 19 सितंबर 2026 को यहां 12वें श्री श्याम अखाड़े का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 6:15 बजे होगा। आयोजन में कोरबा अंचल के साथ ही दूर-दराज से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
‘कराने वाले श्याम, बुलाने वाले श्याम’ के भाव से आयोजित इस महोत्सव में बाबा श्याम का अलौकिक दरबार सजाया जाएगा। अखंड ज्योत, भव्य श्रृंगार, चुनरी उत्सव और इत्र वर्षा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। वहीं बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा तथा श्री श्याम रसोई के माध्यम से विशाल महाप्रसाद की व्यवस्था की जाएगी।
देश के नामचीन भजन गायक लगाएंगे भक्ति का तड़का
श्री श्याम अखाड़े की भक्ति संध्या को देश के ख्यातिलब्ध भजन प्रवाहक अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से यादगार बनाएंगे। आयोजन में शीतल पांडेय (दिल्ली), संजीव शर्मा (रॉबर्ट्सगंज), गोपाल अग्रवाल (कोरबा), प्रीति सरगम (जबलपुर) और अभिषेक गर्ग (शक्ति) बाबा श्याम के भजनों की गंगा प्रवाहित करेंगे।
भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु बाबा श्याम की भक्ति में सराबोर होंगे। आयोजन को लेकर श्याम भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
बुंदेली में आकार ले रहा भव्य सालासर धाम
श्री श्याम अखाड़ा परिसर में धार्मिक आस्था का एक और भव्य केंद्र आकार ले रहा है। आयोजकों के अनुसार यहां श्री सालासर बालाजी मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। मंदिर परिसर में मंडप के साथ मां दुर्गे महारानी एवं सालासर बालाजी के भव्य शिखर बंध का निर्माण भी किया जा रहा है।
आयोजक मंडल एवं श्री बालाजी सेवा संघ ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं और श्याम भक्तों से 19 सितंबर को ग्राम बुंदेली पहुंचकर भव्य धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से बाबा श्याम का आशीर्वाद लेने और महाप्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।





