नुक्कड़ नाटक के जरिए छात्र-छात्राओं को तनाव प्रबंधन और सकारात्मक सोच का दिया संदेश

कोरबा, 12 सितंबर 2026। जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम कोरबा द्वारा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत स्व. बिसाहुदास महंत महाविद्यालय परिसर में मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मानसिक परेशानियों के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर खुलकर संवाद करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक पदमाकर शिंदे एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. अशोक शाक्य के निर्देशन में किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को मानसिक तनाव के कारणों, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक दृष्टिकोण, भावनात्मक संतुलन तथा कठिन परिस्थितियों का सामना करने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि मानसिक परेशानी को छिपाने या अकेले सहने के बजाय परिवार, मित्र, शिक्षक अथवा विशेषज्ञ से बातचीत करना जरूरी है।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने भी जागरूकता का संदेश देते हुए कहा कि “मानसिक परेशानी होने पर झिझकें नहीं, खुलकर बात करें।” उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण बताते हुए जरूरतमंद लोगों का सहयोग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा आत्महत्या जैसे गंभीर विषय को लेकर समय रहते सहायता लेने के लिए प्रेरित करना रहा।





