छह दिन पहले दिया था बच्चे को जन्म, अस्पताल से अचानक हुई थी लापता; पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र में एक नव प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। निजी अस्पताल से लापता हुई महिला का शव अस्पताल से करीब 100 से 150 मीटर की दूरी पर एक निजी बाड़ी में झाड़ियों के बीच फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक कटघोरा क्षेत्र की नवविवाहिता कांता केवट को प्रसव के लिए जेंजरा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब छह दिन पहले उसने ऑपरेशन के जरिए एक बच्चे को जन्म दिया था। बताया जा रहा है कि नवजात फिलहाल ICU में भर्ती है।
14 सितंबर की शाम अस्पताल से हुई थी लापता
परिजनों के अनुसार 14 सितंबर की शाम करीब 7 बजे कांता बिना किसी को बताए अस्पताल से निकल गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों और अस्पताल स्टाफ ने उसकी तलाश शुरू की। महिला की तस्वीर और जानकारी साझा कर लोगों से भी उसकी तलाश में सहयोग मांगा गया था।
इसी बीच 15 सितंबर को अस्पताल के पीछे करीब 100-150 मीटर दूर एक निजी बाड़ी में झाड़ियों के बीच महिला के फंदे पर लटके होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने उसकी पहचान अस्पताल से लापता हुई कांता केवट के रूप में की।
खुदकुशी या कोई और घटना? जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि महिला ने खुदकुशी की है या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनका जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा।
घटना के बाद नव प्रसूता के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास के परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।





