पार्षद राधा बाई महंत और कार्यपालक निदेशक एचके सिंह ने की सहभागिता, स्वदेशी अपनाने का दिया संदेश


कोरबा, 17 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य पावर जनरेशन कंपनी के हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस), कोरबा पश्चिम में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के प्रथम दिन गुरुवार को संयंत्र के मुख्य द्वार स्थित संरक्षा भवन में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हसदेव क्रमांक-01 वार्ड क्रमांक 48 (कलमीडुग्गू) की पार्षद राधा बाई महंत तथा कार्यक्रम अध्यक्ष एवं कार्यपालक निदेशक एचके सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। इसके साथ ही संयंत्र के मुख्य द्वार पर कतारबद्ध मिट्टी के दीये भी प्रज्ज्वलित किए गए।
इस अवसर पर पार्षद राधा बाई महंत ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस भी है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान और ‘आशीर्वाद का दीया’ की भावना पर प्रकाश डालते हुए सेवा एवं जनभागीदारी के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने ‘स्वदेशी अपनाओ’ का संदेश देते हुए देश में निर्मित वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
पार्षद महंत ने हसदेव ताप विद्युत गृह में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों की मेहनत एवं योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि मुख्य अभियंता पीके जोशी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके गुप्ता, आरके पांडे, एके शाह, एसके नायर, एससी पाठक, परियोजना प्रबंधक एसके पंडया एवं वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ एके कुरनाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समन्वय मुख्य रसायनज्ञ देवेश कुमार दुबे ने किया, जबकि संचालन सहायक प्रबंधक (पर्यावरण) विकास उईके ने किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी एक माह तक विभिन्न जनसेवा, जनजागरूकता और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।





