दैनिक और कार्यालयीन कामकाज में हिंदी के अधिक प्रयोग पर जोर

कोरबा, 18 सितंबर 2026। हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस), कोरबा पश्चिम में हिंदी सप्ताह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में कार्यपालक निदेशक एचके सिंह ने दैनिक एवं कार्यालयीन कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया।
श्री सिंह ने कहा कि सरल, सहज और प्रभावी हिंदी के प्रयोग से आम नागरिकों के साथ संवाद को और अधिक सुगम बनाया जा सकता है। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।
हिंदी सप्ताह के दौरान ‘‘पारंपरिक ज्ञान से कृत्रिम बुद्धिमत्ता तक’’ विषय पर संक्षेपिका लेखन, नारा लेखन और कविता लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। शुक्रवार को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके गुप्ता, केएनबी राव, एके शाह, एसके नायर तथा अतिरिक्त मुख्य चिकित्साधिकारी एमआर स्नेही विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यपालक निदेशक एचके सिंह ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
संक्षेपिका लेखन प्रतियोगिता में टीएम अनुराग ने प्रथम, डॉ. प्रीति पूनम कुजूर ने द्वितीय और रोहित कुमार तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
नारा लेखन प्रतियोगिता में डॉ. प्रीति पूनम कुजूर प्रथम, रोहित कुमार तिवारी द्वितीय और अनूप कुमार पात्रे तृतीय रहे।
कविता लेखन प्रतियोगिता में आलोक कुमार रात्रे ने प्रथम, रोहित कुमार तिवारी ने द्वितीय तथा डॉ. प्रीति पूनम कुजूर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का समन्वय एवं संचालन वरिष्ठ कल्याण अधिकारी सुरेश कुमार सिंह ने किया।





