
552 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच, 28 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान; सीएमएचओ ने नेत्रदान और काउंसलर ने देहदान की घोषणा की




कोरबा, 23 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को आदिवासी शक्तिपीठ, कोरबा में वृहद विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर एवं महा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच एवं निःशुल्क उपचार का लाभ लिया।

शिविर में 552 लोगों का पंजीयन किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेडिसिन, शिशु रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, दंत रोग, टीबी, नाक-कान-गला और नेत्र रोग सहित विभिन्न सेवाओं के तहत मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श, उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराईं। इसके अलावा 317 लोगों की बीपी और 317 लोगों की शुगर जांच की गई। नेत्र रोग के 52, स्त्री रोग के 130, हड्डी रोग के 72, दंत रोग के 56, टीबी के 95 तथा नाक-कान-गला संबंधी 38 मरीजों की जांच की गई। आयुष विभाग की सेवाओं का भी करीब 300 लोगों ने लाभ लिया।

शिविर के दौरान 15 लोगों के आयुष्मान कार्ड, 5 लोगों के वय वंदन कार्ड तथा 170 लोगों के आभा कार्ड बनाए गए। नागरिकों को योग एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कलेक्टर समेत 28 लोगों ने किया रक्तदान

महा रक्तदान शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान कराया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, प्रशिक्षु आईएएस तरुण किरण सहित 28 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदान से पहले सभी रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई और सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया। इस दौरान जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नियमित रक्तदान के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
नेत्रदान और देहदान की घोषणा से मिला प्रेरक संदेश

शिविर में नेत्रदान एवं देहदान के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने नेत्रदान के लिए तथा काउंसलर वीणा मिस्त्री ने देहदान के लिए सहमति जताते हुए घोषणा पत्र भरा। इस पहल के माध्यम से समाज में अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केशरी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को उनके घर के नजदीक ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, रामसिंह अग्रवाल, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन नरेन्द्र देवांगन, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



