50 से अधिक श्रमिकों व परिजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, दवाइयां भी वितरित

कोरबा,30 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत हसदेव बांगो जल विद्युत संयंत्र, माचाडोली में कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं (ईएसआईसी/ईएसआईएस) दर्री-जमनीपाली केंद्र एवं कार्यालय अधीक्षण अभियंता (संचा. एवं संधा.), हसदेव बांगो जल विद्युत संयंत्र के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
संयंत्र परिसर स्थित सभागृह में आयोजित शिविर का उद्देश्य बीमित श्रमिकों एवं कर्मचारियों को कार्यस्थल पर स्वास्थ्य सुरक्षा, मौसमी बीमारियों से बचाव तथा ईएसआईसी की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में नियमित, संविदा एवं ठेका श्रमिकों के साथ उनके परिजनों ने भी भाग लिया।
ईएसआईसी औषधालय दर्री-जमनीपाली के चिकित्सक डॉ. संजय राम चेरवा एवं उनकी टीम ने शिविर में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान 50 से अधिक बीमित श्रमिकों एवं उनके परिजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता राकेश चंद्र गुप्ता, कार्यपालन अभियंता सुनील कुमार टोप्पो, प्रकाश जैन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा ईएसआईसी की स्वास्थ्य योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
संयंत्र प्रबंधन ने शिविर के सफल आयोजन के लिए ईएसआईसी मेडिकल टीम का आभार जताते हुए कहा कि श्रमिकों के स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रखे जाएंगे।

