मड़वा प्लांट के प्रदर्शन से लेकर कोरबा पश्चिम के तकनीकी अपग्रेड तक कई उपलब्धियां चर्चा में, अब आगे की चुनौतियों की जिम्मेदारी भी श्री कटियार के कंधों पर
रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक संजीव कुमार कटियार (एस.के. कटियार) को लेकर राज्य शासन ने बड़ा फैसला लिया है। ऊर्जा विभाग ने उनके कार्यकाल में एक बार फिर विस्तार करते हुए उन्हें 31 मार्च 2027 तक प्रबंध निदेशक के पद पर बनाए रखने की मंजूरी दी है।
कार्यकाल विस्तार के साथ ही पावर जनरेशन कंपनी में उनके नेतृत्व को लेकर एक बार फिर निरंतरता बनी रहेगी। अब उनके सामने प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता, ताप विद्युत संयंत्रों के प्रदर्शन और तकनीकी दक्षता को और मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी।
मड़वा प्लांट का PLF 49% से बढ़कर 84.4% पहुंचा
एस.के. कटियार के कार्यकाल के दौरान एबीवीटीपीएस मड़वा के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया। कंपनी के अनुसार वित्त वर्ष 2023-24 में प्लांट का प्लांट लोड फैक्टर (PLF) 49 प्रतिशत से बढ़कर 84.4 प्रतिशत पहुंच गया। कंपनी ने इस प्रदर्शन के बाद 33 राज्य जनित निगमों में पहला स्थान हासिल करने की जानकारी दी है।
कोरबा पश्चिम में 46 दिन में पूरा हुआ जटिल तकनीकी काम
वहीं कोरबा पश्चिम ताप विद्युत संयंत्र में स्टेशन कंट्रोल एवं इंस्ट्रूमेंटेशन सिस्टम के नवीनीकरण जैसे जटिल तकनीकी कार्य को महज 46 दिनों में पूरा किया गया। कंपनी की ओर से इसे महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धियों में शामिल किया गया है।
इंजीनियरिंग और ऊर्जा ऑडिट का अनुभव
एस.के. कटियार मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक हैं और प्रमाणित ऊर्जा लेखा परीक्षक भी हैं। उनके पास प्रबंधन में डिप्लोमा होने की जानकारी भी कंपनी की ओर से दी गई है।
अब 31 मार्च 2027 तक बढ़े कार्यकाल के साथ जनरेशन कंपनी की उत्पादन क्षमता, प्लांट परफॉर्मेंस और तकनीकी दक्षता को आगे बढ़ाने पर नजर रहेगी।
यह कार्यकाल विस्तार ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब प्रदेश की ऊर्जा जरूरतों के बीच जनरेशन कंपनी के संयंत्रों की उपलब्धता और उत्पादन क्षमता पर लगातार फोकस किया जा रहा है।

