एक ही मंच पर ग्रामीणों को मिल रही विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की सुविधा – कलेक्टर जन्मेजय महोबे


आजीविका ऋण मेले में 263 प्रकरणों में 13.14 करोड़ रुपये स्वीकृत, 143 प्रकरणों में 10.80 करोड़ रुपये का वितरण

नए लखपति दीदियों का सम्मान, हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण के चेक तथा हितग्राहीमूलक सामग्री का वितरण



ई-रिक्शा, आटा चक्की, मिनी राइस मिल, फोटो कॉपी मशीन का वितरण, खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते


जांजगीर-चांपा, 01 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत सेवा सेतु अभियान – सरकार आपके द्वार के तहत आज विकासखंड अकलतरा की ग्राम पंचायत पकरिया-झू में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों एवं पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और शासकीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि सेवा सेतु अभियान ऐसा मंच है, जहां ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल रहा है। शासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध करा रहा है। इस दौरान कलेक्टर श्री महोबे, पूर्व विधायक चुन्नीलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, सुमित प्रताप सिंह, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित जनप्रतिनिधियों ने शिविर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर उपलब्ध सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली।
शिविर में स्वच्छता शपथ दिलाकर स्वच्छ गांव एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया। अन्नप्राशन कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के पोषण एवं स्वस्थ विकास के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं सहायक उपकरण प्रदान किए गए। पात्र हितग्राहियों को जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र, बी-1, नक्शा, खसरा एवं ऋण पुस्तिका सहित विभिन्न राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना तथा मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के अंतर्गत भी पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। नोनी सशक्तिकरण योजना, पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा गया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना एवं स्वामित्व योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के 112, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के 98 तथा अटल पेंशन योजना के 15 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति एवं वितरण के चेक प्रदान किए गए। स्वरोजगार एवं आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 04 आटा चक्की, 01 मिनी राइस मिल, 01 फोटो कॉपी मशीन एवं 02 ई-रिक्शा वितरित किए गए। इन संसाधनों के माध्यम से हितग्राहियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के अवसर विकसित करने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में नए लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को रेखांकित किया गया।
शिविर में ग्रामीणों को मिल रही निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर स्थल पर ही ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। पोर्टेबल एक्स-रे, एनसीडी (गैर-संचारी रोग) जांच एवं नेत्र परीक्षण की निःशुल्क सुविधा प्रदान की गई। ग्रामीणों की मौके पर स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन दिया गया। इससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।
आजीविका ऋण मेले में 13.14 करोड़ रुपये के प्रकरण स्वीकृत
शिविर में आयोजित आजीविका ऋण मेले के अंतर्गत कुल 263 प्रकरणों में 13.14 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई, जबकि 143 प्रकरणों में 10.80 करोड़ रुपये का वितरण किया गया। बिहान योजना अंतर्गत स्व-सहायता समूहों के 123 प्रकरणों में 6.91 करोड़ रुपये स्वीकृत तथा 60 प्रकरणों में 2.78 करोड़ रुपये का वितरण किया गया। मुद्रा ऋण के 21 प्रकरणों में 28 लाख रुपये स्वीकृत तथा 01 प्रकरण में 01 लाख रुपये का वितरण हुआ। महिला उद्यमी ऋण के अंतर्गत 16 प्रकरणों में 15 लाख रुपये स्वीकृत तथा 04 प्रकरणों में 4.60 लाख रुपये का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत एक क्लेम में 01 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।
03 अक्टूबर को ग्राम पंचायत कुटराबोड़ में आयोजित होंगा विशेष शिविर
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जिले के विभिन्न विकासखंडों में सेवा सेतु अभियान के तहत विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत 03 अक्टूबर को पामगढ़ के डीएव्ही स्कूल ग्राउंड ग्राम पंचायत कुटराबोड़, 05 अक्टूबर को बलौदा के अटल समरसता भवन जावलपुर, 06 अक्टूबर को नवागढ़ के हाई स्कूल परिसर ग्राम पंचायत सेमरा तथा 08 अक्टूबर को बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत पोड़ीशंकर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला बाजार चौक में शिविर आयोजित होंगे।

