विभाग द्वारा दिव्यांग को मार्च 2024 में दिया गया था मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल
मार्च 2024 में प्रदाय मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल के कारण पांच वर्ष पूर्ण होने तक नई ट्राइसाइकिल के लिए पात्रता नहीं
कोरबा, 07 अक्टूबर 2026/ समाज कल्याण विभाग ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में दुर्गा प्रसाद चौहान को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान नहीं किए जाने संबंधी खबर पर स्थिति स्पष्ट की है। विभाग के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को जूनियर क्लब, कोरबा में दिव्यांगजनों के लिए सहायता शिविर आयोजित किया गया था। शिविर में पूर्व से चिन्हित हितग्राहियों को वितरित करने के लिए मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल रखी गई थी।
शिविर के दौरान श्री चौहान उक्त ट्राइसाइकिल पर बैठे। उपकरण वितरण प्रभारी ने उनसे ट्राइसाइकिल से उतरने का अनुरोध किया, हालांकि वे उस समय उससे नहीं उतरे।
विभाग ने बताया कि श्री चौहान को 12 मार्च 2024 को बैटरी चालित मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल पहले ही प्रदान की जा चुकी है। इसकी पावती विभाग के पास उपलब्ध है। शासन के 21 जून 2022 के परिपत्र की कंडिका 3.7 के अनुसार, यह उपकरण पांच वर्ष की अवधि में एक बार दिए जाने का प्रावधान है। इसलिए निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले उन्हें नया मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल देना नियमसम्मत नहीं है। विभाग ने इस संबंध में प्रतिवेदन और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए हैं।





