ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस के साथ मनाया गया आवास दिवस

प्रधानमंत्री आवास, विकसित भारत-जी राम जी और आजीविका गतिविधियों को गति देने पर जोर

क्यूआर कोड के माध्यम से योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने ग्रामीणों को किया गया प्रेरित

कोरबा, 08 अक्टूबर 2026/ जिले की सभी ग्राम पंचायतों में बुधवार को चावल महोत्सव के साथ रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं विकसित भारत-जी राम जी के प्रभावी क्रियान्वयन, हितग्राहियों की समस्याओं के निराकरण, रोजगार उपलब्धता, आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रत्येक माह की 7 तारीख को आयोजित होने वाले रोजगार एवं आवास दिवस के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यों के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की गई। चावल महोत्सव के माध्यम से ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण, विकसित भारत-जी राम जी सहित रोजगार एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
आवास निर्माण में तेजी लाने पर जोर
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों को अनुकूल मौसम का लाभ लेते हुए शीघ्र पूर्ण कराने के लिए हितग्राहियों को प्रोत्साहित किया गया। आवास निर्माण में आ रही स्थानीय समस्याओं के त्वरित निराकरण, नियमानुसार राशि हस्तांतरण एवं भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना, जनमन आवास योजना एवं विशेष परियोजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को भी समय-सीमा में पूर्ण कराने आवश्यक कार्यवाही पर चर्चा हुई।
विकसित भारत-जी राम जी के कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने की कार्ययोजना
विकसित भारत-जी राम जी के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने पर जोर दिया गया। अधिकाधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए श्रमिक नियोजन सुनिश्चित करने तथा मांग के अनुरूप नए कार्य प्रारंभ करने पर भी चर्चा की गई।
ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ विकसित ग्राम पंचायत प्लान के संबंध में चर्चा कर स्थानीय आवश्यकताओं एवं उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप प्लान को अधिक प्रभावी एवं विस्तृत बनाने की कार्यवाही की गई। स्वीकृत कार्यों का जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शुभारंभ कराने तथा योजना से संबंधित स्थानीय समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
क्यूआर कोड से योजनाओं की जानकारी, पारदर्शिता को बढ़ावा
ग्राम पंचायत एवं कार्यस्थलों पर लगाए गए स्वप्रकटीकरण क्यूआर कोड को अधिकाधिक ग्रामीणों द्वारा स्कैन करने के लिए जागरूक किया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि क्यूआर कोड स्कैन कर वे अपने मोबाइल के माध्यम से स्वीकृत कार्यों, उनकी प्रगति एवं योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। इससे योजनाओं के संबंध में पारदर्शिता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।
रोजगार एवं आवास दिवस के अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण एवं विकसित भारत-जी राम जी के हितग्राहियों, तकनीकी सहायकों, रोजगार सहायकों, स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





