गोदाम में बिक्री के लिए छिपाकर रखे थे पटाखे, 18 कार्टून बरामद; विस्फोटक अधिनियम के तहत आरोपी पर कार्रवाई
कोरबा, 8 अक्टूबर 2026। दीपावली से पहले अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कोरबा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस ने सिंधी मोहल्ला पुरानी बस्ती में दबिश देकर करीब 2 लाख रुपये कीमत के विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सिंधी मोहल्ला स्थित एक मकान के पास बने गोदाम में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना कोतवाली प्रभारी प्रेमचंद साहू अपने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर गोदाम की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को विभिन्न कंपनियों के पटाखों से भरे 18 कार्टून मिले। पुलिस ने सभी पटाखों को जब्त कर लिया। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत करीब ₹2 लाख बताई गई है।
मामले में पुलिस ने बलराम जज्ञासी पिता रमेश कुमार, उम्र 42 वर्ष, निवासी सिंधी मोहल्ला, पुरानी बस्ती, थाना कोतवाली, जिला कोरबा के विरुद्ध धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। खासकर त्योहारी सीजन में बिना अनुमति पटाखों के भंडारण और बिक्री पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है।





