रवींद्र सांस्कृतिक भवन परिसर में की साफ-सफाई, स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी का दिया संदेश


कोरबा, 10 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य पावर जनरेशन कंपनी के हसदेव ताप विद्युत गृह (HTPS), कोरबा पश्चिम में सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। रवींद्र सांस्कृतिक भवन (सीनियर क्लब) परिसर में आयोजित इस अभियान में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं झाड़ू थामकर साफ-सफाई की और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
विद्युत संयंत्र के कार्यपालक निदेशक एच.के. सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता, ए.के. शाह, के.एन.बी. राव, एस.के. नायर, एस.सी. पाठक तथा परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या सहित वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान के दौरान रवींद्र सांस्कृतिक भवन परिसर में पेड़ों से गिरे पत्तों, कचरे और अनुपयोगी सामग्री को हटाकर परिसर की साफ-सफाई की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता से जुड़ा सामाजिक दायित्व है।
प्रदेशभर में संचालित सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है। HTPS में आयोजित इस पहल ने “स्वच्छ परिसर, स्वस्थ समाज” के संदेश को सार्थक रूप से आगे बढ़ाया।
कार्यक्रम में विद्युत संयंत्र के अधिकारी- कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। स्वच्छता अभियान के सफल संचालन में सिविल विभाग का भी सक्रिय सहयोग रहा।





