सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविर में सौंपी गई आवास की चाबी

कोरबा 13 अक्टूबर 2026/ हर परिवार का सपना होता है कि उसका अपना एक सुरक्षित और पक्का घर हो, जहां वह सुकून और सम्मान के साथ जीवन बिता सके। लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण कई परिवारों के लिए अपना घर बनाना आसान नहीं होता। ऐसे में शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के सपनों को साकार करने और उनके जीवन में नई उम्मीद जगाने का माध्यम बन रही हैं।
ऐसी ही एक प्रेरक कहानी कोरबा शहर के जमनीपाली निवासी रमतला पटेल, पति स्व. हीरू पटेल की है। आर्थिक कठिनाइयों के बीच उनके लिए पक्के घर का सपना पूरा करना चुनौतीपूर्ण था। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उनके इस सपने को साकार किया गया और उन्हें अपना पक्का आवास प्राप्त हुआ।
दर्री जोन अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविर में रमतला पटेल को उनके नए आवास की चाबी सौंपी गई। अपने घर की चाबी पाकर उनके लिए यह पल बेहद खास बन गया। अब उन्हें सुरक्षित छत के साथ अपने घर में सुकून और सम्मान से जीवन बिताने का अवसर मिला है।
प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। वहीं, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविर शासन की योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाने और उनके जीवन में खुशियों की नई शुरुआत सुनिश्चित करने का माध्यम बन रहे हैं।




