उरगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद
कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में राहगीर से मोबाइल फोन और नगदी झपटकर फरार होने वाले दो आरोपियों को उरगा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया OPPO कंपनी का मोबाइल फोन, ₹500 नगद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 24 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
कमरीचोली मेन रोड के पास हुई वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी ने थाना उरगा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रेलर क्रमांक CG 12 BN 4977 से गेवर्रा से रायगढ़ जाने के लिए निकला था। दोपहर करीब 2 बजे कमरीचोली मेन रोड के आगे वाहन रोककर वह नीचे उतरा। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति उसके पास पहुंचे और खुद को माइनिंग में काम करने वाला बताया।
बातचीत के दौरान दोनों ने अपना नाम केसरी नन्दन वैष्णव और ललित कुमार चौहान बताया। इसके बाद दोनों ने अचानक झपट्टा मारकर प्रार्थी का OPPO मोबाइल फोन और ₹500 नगद छीन लिया तथा मोटरसाइकिल से फरार हो गए। प्रार्थी ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल का नंबर CG 12 BS 0751 बताया।
मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी
मामले में उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 578/2026 के तहत धारा 304(2), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने और गवाहों के बयान लेने के साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उरगा चौक में दो व्यक्ति मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी कर केसरी नन्दन वैष्णव और ललित कुमार चौहान को पकड़ लिया।
मोबाइल, नगदी और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर केसरी नन्दन वैष्णव के कब्जे से OPPO मोबाइल फोन तथा ललित कुमार चौहान के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त काले रंग की HF Deluxe मोटरसाइकिल और ₹500 नगद बरामद किए गए।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को 18 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से दोनों को 24 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमाण्ड पर भेजने का आदेश मिला।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
1. केसरी नन्दन वैष्णव (36 वर्ष), पिता स्व. राम नेगी वैष्णव, निवासी पाण्डेय चाल, उरगा चौक, थाना उरगा, जिला कोरबा।
2. ललित कुमार चौहान (22 वर्ष), पिता संतोष चौहान, निवासी कटबितला, थाना उरगा, जिला कोरबा।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।





