मोटरसाइकिल से शराब का अवैध परिवहन करते पकड़ा गया आरोपी, वाहन भी जब्त; आबकारी एक्ट के तहत भेजा गया जेल
बिलासपुर/रतनपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रतनपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने मोटरसाइकिल से देशी शराब का अवैध परिवहन कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबारियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में 1 नवंबर 2026 को रतनपुर पुलिस की टीम शराब कोचियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए रवाना हुई थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रानीगांव शराब भट्ठी की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में भारी मात्रा में देशी शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम खंडोबा मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 7.2 लीटर, जिसकी कीमत लगभग 3,200 रुपये बताई गई है, बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी की पहचान ज्योतिष कुमार साहू (21 वर्ष), पिता सालिकराम साहू, निवासी मोहतराई, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर के रूप में की है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक एवं सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, आरक्षक आकाश डोंगरे तथा देवानंद चंद्राकर का विशेष योगदान रहा।





