प्लांट से रायपुर भेजे जा रहे 38.900 टन लोहे में से रास्ते में गायब किए दो क्वायल, गैरेज में छिपाकर बेचने की थी तैयारी; 5 लाख का माल बरामद


रायगढ़। औद्योगिक प्लांट से रायपुर भेजे जा रहे लाखों रुपये के लोहे की सुनियोजित हेराफेरी का पूंजीपथरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ट्रक में लोड 38.900 टन लोहे में से करीब 5 टन माल रास्ते में ही गायब कर दिया गया। ट्रक चालक ने गैरेज में काम करने वाले युवक के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 5 लाख रुपये कीमत के दो लोहे के क्वायल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को चंद्रहासिनी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड, गेरवानी से पवन पुत्र ट्यूब्स, रायपुर के लिए ट्रक क्रमांक CG10BS7041 में 38.900 टन लोहा लोड कर भेजा गया था। 11 सितंबर को रायपुर में धर्मकांटा पर वजन कराने के दौरान करीब 5 टन माल कम मिला। इसके बाद ट्रक चालक मुरली साहू वाहन छोड़कर फरार हो गया। कंपनी के सेल्स एग्जीक्यूटिव की शिकायत पर पूंजीपथरा थाने में अपराध क्रमांक 253/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।



जांच में सामने आया कि ट्रक चालक मुरली साहू ने अपने भाई चेतन साहू उर्फ रामजाने को ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज इस्तेमाल करने के लिए दिए थे। पुलिस ने मुरली को हिरासत में लेकर पूछताछ की और अपराध में सहयोग के साक्ष्य मिलने पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इसके बाद पुलिस ने चेतन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो हेराफेरी की पूरी कहानी सामने आ गई। चेतन ने रायगढ़ के अजीत पेट्रोल पंप के पास हरिओम गैरेज की देखरेख करने वाले संतोष गुप्ता के साथ मिलकर बाईपास रोड के उबड़-खाबड़ रास्ते में ट्रक से लोहे के दो क्वायल उतारने की योजना बनाई थी। योजना के मुताबिक दोनों क्वायल रास्ते में उतारकर हरिओम गैरेज में छिपा दिए गए थे। आरोपियों की मंशा बाद में इन क्वायल को बेचकर रकम हासिल करने की थी।
चेतन की निशानदेही पर पुलिस ने गैरेज में दबिश देकर संतोष गुप्ता को हिरासत में लिया। पुलिस ने गैरेज से करीब 5 टन वजन के दोनों लोहे के क्वायल बरामद किए, जिनकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है।
इस मामले में संतोष कुमार गुप्ता (25 वर्ष), निवासी ग्राम गोरी, जिला रोहतास (बिहार), हाल मुकाम बाबाधाम बाईपास रोड दरोगामुड़ा, रायगढ़ तथा चेतन साहू उर्फ रामजाने (30 वर्ष), निवासी ग्राम देवरी, जिला रायपुर को 1 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। वहीं मुरली साहू को भी गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा जा चुका है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से माल परिवहन के दौरान की जा रही संगठित हेराफेरी का खुलासा हुआ है।





