1500 मोबाइल रिकवर कर वर्ष 2026 में बनाया रिकॉर्ड, ‘चेतना अभियान’ के तहत आयोजित हुआ अर्पण कार्यक्रम

बिलासपुर। दीपावली के पावन पर्व पर बिलासपुर पुलिस ने 150 परिवारों के चेहरों पर खुशियां लौटाने का सराहनीय कार्य किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए 150 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की इस पहल से किसी की खोई हुई यादें वापस लौटीं, तो किसी परिवार की खुशी दोगुनी हो गई।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर 5 नवंबर 2026 को चेतना सभागार में ‘चेतना अभियान’ के अंतर्गत ‘अर्पण कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य था—‘आपकी एक आस, आपकी अमानत, आपके पास’। इस दौरान बरामद किए गए 150 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए।

किसी को भाई का तो किसी को बेटी की पहली कमाई का उपहार मिला वापस
मोबाइल वापसी के दौरान कई भावुक तस्वीरें सामने आईं। रक्षाबंधन पर भाई से उपहार में मिला मोबाइल खोने वाली बहन के चेहरे पर दोबारा मुस्कान लौट आई। अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला का गुम हुआ मोबाइल वापस मिलने पर उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। वहीं, बेटी ने अपनी पहली कमाई से मां को जो मोबाइल उपहार में दिया था, वह एक महीने के भीतर ही गुम हो गया था। मोबाइल वापस मिलने पर पूरा परिवार भावुक नजर आया।
इसके अलावा परीक्षा के दौरान मोबाइल गंवाने वाली उच्च न्यायालय बिलासपुर की एक प्रैक्टिसिंग अधिवक्ता और एक बुजुर्ग दिव्यांग व्यक्ति को भी उनका मोबाइल वापस मिला। सभी ने बिलासपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया।
1500 मोबाइल रिकवर कर छत्तीसगढ़ में नंबर वन बिलासपुर पुलिस
मोबाइल गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण एवं ACCU) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में ACCU बिलासपुर की टीम ने विशेष प्रयास किए। टीम ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ सीमावर्ती राज्यों से भी मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक बिलासपुर पुलिस करीब 1500 गुमशुदा मोबाइल फोन रिकवर कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप चुकी है। मोबाइल रिकवरी के मामले में बिलासपुर पुलिस पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान पर बनी हुई है।
साइबर ठगी से बचाव और संचार साथी ऐप की दी जानकारी
कार्यक्रम में मोबाइल वापसी के साथ नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक भी किया गया। ACCU (साइबर सेल) प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी एवं उनकी टीम ने लोगों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी। साथ ही भारत सरकार के ‘संचार साथी’ मोबाइल ऐप के उपयोग और उसकी सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया, ताकि नागरिक अपने मोबाइल डिवाइस और व्यक्तिगत डेटा को सुरक्षित रख सकें।
कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे उपस्थित
अर्पण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण एवं ACCU) मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल, उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम एवं ACCU) सुदीप सरकार तथा ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने बिलासपुर पुलिस के प्रति आभार जताया। दीपावली के अवसर पर पुलिस की यह पहल केवल मोबाइल बरामदगी तक सीमित नहीं रही, बल्कि लोगों की भावनाओं, यादों और विश्वास को लौटाने का माध्यम भी बनी।





