प्रशासन ने प्रभावितों को वितरित किया मुआवजा राशि
जगदलपुर, 06 नवम्बर 2026/ जिला प्रशासन बस्तर द्वारा जिले में अतिवृष्टि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का संशोधित आकलन जारी करते हुए प्रभावितों को राहत पहुंचाने के काम में तेजी लाई गई है। 6 नवंबर तक की स्थिति के अनुसार, प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए जनहानि, पशुहानि, फसल क्षति और आवास क्षति जैसे प्रमुख मदों में मुआवजा राशि पीड़ितों को प्रदान कर दी है।
जिले में आपदा के कारण 2 मृतकों के प्रकरण में उनके आश्रितों को 8 लाख रुपए की पूरी अनुग्रह राशि वितरित कर दी गई है। इसके साथ ही, 58 पशुओं की क्षति पर 14,30, 500 रुपए की सहायता राशि का भी भुगतान कर दिया गया है। आवास क्षति के तहत कुल 5,194 मकान प्रभावित हुए थे, जिनमें 1,915 पूर्णतः और 3,279 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकान शामिल हैं। इसके लिए आकलित 26,29,28,000 रुपए की कुल राशि में से प्रशासन ने 26,25,28,000 रुपए का वितरण कर दिया है, जबकि मात्र 4,00,000 रुपए का भुगतान अंतिम चरण में है। इसके अलावा प्रभावित परिवारों को घरेलू बर्तनों के नुकसान के 5,370 मामलों में 1,34,25,000 रुपए, 13 झोपड़ियों के नुकसान पर 1,04,000 रुपए तथा 7 पशु शेड के लिए 21 हजार रुपए की राशि का पूर्ण भुगतान किया जा चुका है।
फसल नुकसान के क्षेत्र में भी किसानों को बड़ी राहत दी गई है। जिले में प्रभावित 6,001.64 हेक्टेयर क्षेत्र की 5,45,60,500 रुपए की अनुमानित क्षति में से अब तक 4,047.39 हेक्टेयर के लिए 3,65,72,889 रुपए का भुगतान किसानों के खातों में अंतरित किया जा चुका है, जबकि 1,954.25 हेक्टेयर क्षेत्र से जुड़े 1,79,87,611 रुपए के शेष भुगतान प्रक्रियाधीन है।
वहीं 27 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 के मध्य दर्ज अतिरिक्त नुकसान के मामलों में भी त्वरित सहायता दी गई है। इस अवधि के दौरान दर्ज 70 क्षतिग्रस्त मकानों में से 43 मामलों में 15,88,000 रुपए की राशि दी जा चुकी है और शेष 27 मामलों में 16,46,000 रुपए का भुगतान प्रक्रियाधीन है। इसके अतिरिक्त 15 हेक्टेयर फसल क्षति में से 11.22 हेक्टेयर के लिए 95,370 रुपए की राहत राशि जारी की गई है तथा बची हुई 3.78 हेक्टेयर रकबे की 32,630 रुपए की राशि जल्द ही किसानों को प्रदान की जाएगी।






