कोसमंदा में ताश के पत्तों पर लग रहा था रुपयों का दांव, मौके से ₹3,120 नगद और ताश पत्ती जब्त
जांजगीर-चांपा। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में चांपा पुलिस ने ग्राम कोसमंदा में संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर चार जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹3,120 नगद एवं ताश पत्ती बरामद कर जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में दीपावली पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलेभर में सघन पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
इसी दौरान थाना चांपा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कोसमंदा में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से चार लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश यादव (35 वर्ष), गिरधारी यादव (44 वर्ष), ओमप्रकाश कश्यप (45 वर्ष) एवं मंगलू कश्यप (56 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी ग्राम कोसमंदा, थाना चांपा के निवासी हैं।
पुलिस ने मौके से ₹3,120 नगद और ताश पत्ती जब्त कर चारों आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
अवैध गतिविधियों पर पुलिस की नजर
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दीपावली का पर्व शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में मनाएं। जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







