ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि में की गई हेराफेरी, कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (सीएसईबी) की विभागीय राशि का अपने खाते में ट्रांसफर कर गबन करने के मामले में कोरबा की कोतवाली पुलिस ने एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस एवं अनुग्रह राशि की कुल ₹56,065 की रकम आरटीजीएस के माध्यम से अपने बैंक खाते में स्थानांतरित करने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शत्रुहन कुमार सोनी, निवासी छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, कार्यालय कार्यपालन अभियंता, तुलसीनगर कोरबा की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 177/2026 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही हरीश कुमार साहू (35 वर्ष), निवासी एसई/522, सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा पूर्व को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संभागीय कार्यालय स/सं संभाग कोरबा, तुलसीनगर में लाइन परिचालक के पद पर कार्यरत था। इसी दौरान उसने एक कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि की कुल ₹56,065 की रकम आरटीजीएस के जरिए अपने खाते में ट्रांसफर कर ली थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 336, 340 एवं 238 के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
हरीश कुमार साहू, पिता स्व. अंजोर साय, उम्र 35 वर्ष, निवासी एसई/522, सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा पूर्व, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें।







