तमनार में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा, स्कूटी और दो मोबाइल सहित 1.09 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत तमनार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूटी से गांजा परिवहन कर रहे रायगढ़ के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2.033 किलोग्राम गांजा, एक बिना नंबर की होंडा एक्टिवा स्कूटी और दो मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 9 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के साथ ओडिशा के गांजा सप्लायर को भी मामले में आरोपी बनाया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 28 नवंबर की शाम थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम धौराभांठा स्थित मुन्ना फैब्रिकेशन के सामने मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच कर रही थी।
इसी दौरान हमीरपुर बॉर्डर की ओर से आ रही काले रंग की बिना नंबर वाली होंडा एक्टिवा स्कूटी को पुलिस ने रोककर पूछताछ की। स्कूटी में दो युवक सवार थे, जिन्होंने अपनी पहचान आजाद अली (25 वर्ष), निवासी गंगाराम तालाब पारा, इंदिरा नगर रायगढ़ और शिवम निषाद (26 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर चौक रायगढ़ के रूप में बताई।
शुरुआत में दोनों युवकों ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर स्कूटी की डिक्की में गांजा रखे होने की बात स्वीकार कर ली। गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर कपड़े के थैले में भूरे रंग के टेप से लिपटे दो पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 2.033 किलोग्राम गांजा मिला।
ओडिशा के कनकतोरा से खरीदकर ला रहे थे गांजा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें ओडिशा के कनकतोरा में कम कीमत पर गांजा मिलने की जानकारी मिली थी। इसके बाद दोनों स्कूटी से वहां पहुंचे और एक व्यक्ति से गांजा खरीदकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाशते हुए धौराभांठा की ओर आ रहे थे। पुलिस ने गांजा उपलब्ध कराने वाले कनकतोरा निवासी व्यक्ति को भी प्रकरण में आरोपी बनाया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 हजार रुपये कीमत का 2.033 किलोग्राम गांजा, लगभग 70 हजार रुपये कीमत की होंडा एक्टिवा स्कूटी तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में थाना तमनार में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
1. आजाद अली (25 वर्ष), निवासी गंगाराम तालाब पारा, इंदिरा नगर, रायगढ़।
2. शिवम निषाद (26 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर चौक, रायगढ़।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीष पोया, एएसआई गौतम ठाकुर, प्रधान आरक्षक विपिन पटेल तथा आरक्षक रंजीत भगत, पुरुषोत्तम सिदार, पुष्पेन्द्र सिदार एवं मेघराज निषाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशे के कारोबारियों को एसएसपी की सख्त चेतावनी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तस्करों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम में सहयोग करने और अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।







