तलवार दिखाकर ट्रेलर के कर्मचारियों को डराया था, 1.11 लाख रुपये का सामान लूटकर हुए थे फरार
कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में ट्रेलर वाहनों से लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था। पुलिस ने उसे 29 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस प्रकरण में एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी वेद प्रकाश सिंह ने 12 अक्टूबर 2026 को थाना बांकीमोंगरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रामबाबू कैंप सुराकछार के पास खड़े उनके ट्रेलर क्रमांक CG 04 HB 5231 तथा सुरिजपाल के ट्रेलर क्रमांक CG 12 S 1698 के हॉर्स इंजन के टायर चोरी करने का प्रयास किया गया था। इस दौरान आरोपियों ने मुंशी विकास यादव को तलवार दिखाकर डराया-धमकाया। विरोध और शोर मचाने पर आरोपी टायर छोड़कर भाग निकले, लेकिन सुरिजपाल के ट्रेलर के केबिन में घुसकर दो बैटरी, जैक और व्हील पाना लूटकर ले गए।
घटना में कुल 1 लाख 11 हजार 700 रुपये का सामान लूटे जाने की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 207/2026 के तहत धारा 331(4), 309(4), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी।
मामले में पुलिस ने पहले आरोपी नजीर अली (26 वर्ष), निवासी तेन्दुटिकरा, उदयपुर, जिला सरगुजा को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कार क्रमांक CG 04 PC 9142, एक धारदार तलवार, लूटी गई दो बैटरी, जैक और व्हील पाना सहित घटनास्थल के पास छोड़े गए चार टायर बरामद किए गए थे।
वहीं, घटना के बाद से फरार चल रहे दूसरे आरोपी सहमत खान उर्फ शहमद उर्फ राजा खान (22 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 7, अंबिकापुर रोड, सुराबहार, कटघोरा, जिला कोरबा को बांकीमोंगरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राम कुमार साव, सहायक उपनिरीक्षक नंदलाल टंडन, आरक्षक हरीश मरावी, मुकेश यादव एवं दिलेर मनहर की सराहनीय भूमिका रही।







