कोरबा। जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए बांकीमोंगरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 25 क्विंटल लोहे का स्क्रैप एवं अन्य सामान से भरी महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 04/26 धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को सहायक उप निरीक्षक चक्रधर सिंह राठौर आरक्षक क्रमांक 779 एवं 742 के साथ टाउन पेट्रोलिंग पर रवाना थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बांकीमोंगरा से कुसमुंडा की ओर एक वाहन में अवैध कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम घुड़देवा 3-4 खदान के पास मुख्य मार्ग पर पहुंची। कुछ देर बाद बांकीमोंगरा की ओर से आ रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप क्रमांक UP 96 AT 2495 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में लगभग 25 क्विंटल लोहे का स्क्रैप एवं अन्य सामान लोड मिला।
वाहन चालक ने पूछताछ में अपना नाम प्रथम यादव उर्फ निक्कू (23 वर्ष), निवासी बरभांठा, कसनिया मोड़, थाना कटघोरा, जिला कोरबा बताया। पुलिस ने कबाड़ के परिवहन एवं स्वामित्व संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया, लेकिन चालक कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
कबाड़ चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में लगभग 25 क्विंटल लोहे के स्क्रैप एवं अन्य सामान सहित बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। प्रारंभिक जानकारी में कबाड़ का सामान लखनपुर, कटघोरा निवासी दीपक साहू उर्फ ललुआ का होना बताया गया है।
मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना जारी है।







