हथनी ने नवजात शावक को सुरक्षित पहुंचाने खुद बनाई राह, हाईवे पर लोनर हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत
कोरबा। हाथी-मानव संघर्ष की चिंताजनक खबरों के बीच कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल से प्रकृति और ममता की बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई है। मातीन क्षेत्र के जंगलों में विचरण कर रहे करीब 52 हाथियों के दल में एक हथनी ने नन्हे शावक को जन्म दिया है। मां और नवजात शावक का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हथनी अपने बच्चे को सुरक्षित स्थान की ओर ले जाती दिखाई दे रही है।
नन्हे शावक के लिए मां ने बनाई राह
वीडियो में हथनी अपने नवजात बच्चे को लेकर जंगल की ओर बढ़ती नजर आ रही है। रेतीले रास्ते में शावक को आगे बढ़ने में परेशानी न हो, इसके लिए हथनी अपनी सूंड और पैरों से रास्ते की रेत हटाकर उसे आसान करती दिखाई देती है। मां की सतर्कता और बच्चे की सुरक्षा के प्रति उसकी चिंता इस पूरे दृश्य में साफ नजर आती है।
हाथी-मानव संघर्ष, फसल नुकसान और ग्रामीणों में दहशत के बीच सामने आया यह दृश्य वन्यजीवों की संवेदनशीलता और मातृत्व की अद्भुत तस्वीर पेश कर रहा है।
हाईवे के आसपास लोनर हाथी, बढ़ी चिंता
वहीं दूसरी ओर कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में एक लोनर हाथी की मौजूदगी ने चिंता बढ़ा दी है। हाथी को नेशनल हाईवे-130 के आसपास विचरण करते देखा गया है। इससे हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
वन विभाग हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों और राहगीरों से हाथियों के करीब नहीं जाने, उनका पीछा नहीं करने और उन्हें किसी भी तरह उकसाने से बचने की अपील की गई है।
एक तरफ जंगल में नन्हे हाथी की किलकारी ने खुशी दी है, तो दूसरी तरफ हाईवे पर घूमता लोनर हाथी इंसान और जंगल के बीच बढ़ते संघर्ष की चुनौती भी सामने ला रहा है।





