कोरबा। कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-130 पर गुरसिया मोड़ के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल /डीजल से भरे इंडियन ऑयल के टैंकर में अचानक आग भड़क उठी। टैंकर कोरबा से पेट्रोल-डीजल लोड कर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चालक गुरसिया ढाबा के पास खाना खाने के लिए रुका था। खाना खाने के बाद जैसे ही उसने वाहन को आगे बढ़ाने के लिए स्टार्ट किया, इंजन के हिस्से में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज होने लगीं।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल टैंकर से कूदकर अपनी जान बचाई। टैंकर में पेट्रोल/ डीजल भरा होने की जानकारी सामने आते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पेट्रोलियम पदार्थ से भरे टैंकर को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा को प्राथमिकता दी। दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।





