featuredछत्तीसगढ़

भंडारा खत्म होते ही सफाई के मोर्चे पर उतरे आयुक्त श्री क्षत्रिय, खड़े होकर कराई सड़कों की प्रेशर वॉशिंग

जन्माष्टमी महोत्सव मेला में निगम की 24×7 सफाई व्यवस्था, भंडारा स्थलों से तत्काल उठाया गया कचरा; सुबह आयुक्त श्री क्षत्रिय ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कराई मशीन से धुलाई


रायगढ़, 05 सितंबर 2026 जन्माष्टमी महोत्सव एवं मेला के दौरान शहर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित भंडारा कार्यक्रमों को देखते हुए नगर निगम द्वारा स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या और भंडारा स्थलों पर उत्पन्न होने वाले कचरे को ध्यान में रखते हुए निगम की सफाई टीमों को 24×7 तैनात रखा गया। इस दौरान निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने सभी भंडारा स्थलों की सफाई व्यवस्था जायजा लिया और स्वयं खड़े होकर सफाई कराई। भंडारा शुरू होने के दौरान से और समाप्त होने के बाद तक निगम के अमले ने तत्काल सफाई करते हुए कचरा एवं खाद्य अवशेष हटाए।
आयुक्त ने खड़े होकर कराई प्रेशर मशीन से सड़कों की सफाई
भंडारा स्थलों की प्रारंभिक सफाई के बाद सुबह के समय नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय स्वयं मौके पर पहुंचे और खड़े होकर सफाई कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने वैक्यूम टैंक क्लीनिंग एवं प्रेशर मशीन के माध्यम से पानी की तेज धार से सड़क और भंडारा स्थलों की धुलाई करवाते हुए सफाई व्यवस्था को मौके पर देखा।
आयुक्त ने यह सुनिश्चित कराया कि भंडारा आयोजन के कारण सड़क पर रह गए जूठन, खाद्य सामग्री के अवशेष, गंदगी और अन्य कचरे को पूरी तरह हटाया जाए तथा धुलाई के बाद स्थल स्वच्छ एवं व्यवस्थित नजर आए।
इस दौरान निगम के सफाई अमले ने मशीनों के माध्यम से प्रमुख सड़कों एवं भंडारा स्थलों की धुलाई की। आयुक्त की मौके पर मौजूदगी में कराई गई यह विशेष सफाई व्यवस्था इस बात को दर्शाती है कि निगम केवल आयोजन के दौरान ही नहीं, बल्कि आयोजन समाप्त होने के बाद भी स्वच्छता को लेकर पूरी तरह गंभीर है।
आयोजन भी जरूरी, स्वच्छता भी हमारी प्राथमिकता : आयुक्त
आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि प्रदेश में रायगढ़ की जन्माष्टमी महोत्सव की अलग पहचान है। शहर की इस बड़े धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे आयोजनों के दौरान नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ शहर की स्वच्छता बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से भंडारा स्थलों पर 24×7 सफाई अमले की तैनाती की गई थी।
उन्होंने कहा कि भंडारा समाप्त होने के बाद कचरा उठाने तक सफाई व्यवस्था सीमित नहीं रखी गई, बल्कि सुबह के समय मशीनों से संबंधित स्थानों की प्रेशर वॉशिंग भी कराई गई। मैं स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर यह देख रहा हूं कि सफाई कार्य व्यवस्थित ढंग से हो और किसी भी स्थान पर गंदगी न रहे।
आयुक्त ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि धार्मिक, सामाजिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर की स्वच्छता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सफाई अमले को निर्देशित किया कि आयोजन समाप्त होने के बाद भी संबंधित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए।
विशेष सफाई के लिए चिन्हित भंडारा स्थल
अग्रसेन चौक, श्याम मंदिर, गौरीशंकर मंदिर चौक, सुभाष चौक, नगर निगम परिसर, नगर निगम के सामने, स्टेशन रोड, गोपी टॉकीज रोड, मिनीमाता चौक, कयाघाट चौक, जूटमिल थाना के सामने, चक्रधर नगर चौक सहित अन्य भंडारा स्थलों पर विशेष सफाई एवं पानी से धुलाई कराई गई। नगर निगम की इस विशेष व्यवस्था से जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान और उसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों एवं भंडारा स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में मदद मिली।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button