रक्षित केंद्र में गठित समिति की मौजूदगी में हुई कार्रवाई, महुआ शराब के साथ देशी-विदेशी मदिरा का भी किया गया नष्टीकरण
कोरबा। जिले में आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में जब्त अवैध मदिरा के नष्टीकरण की कार्रवाई कोरबा पुलिस ने की है। 8 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे रक्षित केंद्र, कोरबा में गठित समिति की उपस्थिति में विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों के 71 प्रकरणों में जब्त मदिरा का नियमानुसार नष्टीकरण किया गया।

पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में की गई यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कोरबा के 28 सितंबर 2026 को जारी आदेश के पालन में संपन्न हुई। नष्टीकरण से पहले छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, जिला कोरबा से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी प्राप्त किया गया था। इसके बाद संबंधित अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों की मौजूदगी में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जब्त मदिरा को नष्ट किया गया।
इन थाना-चौकी क्षेत्रों से जब्त हुई थी मदिरा

पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, थाना कोतवाली के 24 प्रकरणों में 111 लीटर, करतला के 4 प्रकरणों में 44.80 लीटर, चौकी मानिकपुर के 13 प्रकरणों में 72 लीटर, बांगो के 2 प्रकरणों में 0.25 लीटर, पसान के 7 प्रकरणों में 72.25 लीटर, दर्री के 4 प्रकरणों में 19 लीटर, राजगामार के 10 प्रकरणों में 35.50 लीटर, दीपका के 3 प्रकरणों में 30 लीटर तथा चौकी कोरबी के 4 प्रकरणों में 14 लीटर मदिरा जब्त की गई थी।
महुआ शराब के साथ देशी-विदेशी मदिरा भी नष्ट

नष्टीकरण संबंधी प्रेस विज्ञप्ति में 284.75 लीटर महुआ शराब, देशी शराब के 218 पाव और विदेशी शराब के 343 पाव शामिल होने का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने बताया कि जब्त मदिरा के नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया गठित समिति की उपस्थिति में वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप संपन्न की गई।

कोरबा पुलिस के अनुसार, विभिन्न प्रकरणों में जब्त सामग्री के नष्टीकरण की कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है।





