पार्किंग के लिए पांच स्थान निर्धारित, गांधी प्रतिमा से गोगाराइस मिल तक रहेगा यातायात डायवर्सन; व्यापारियों से दुकानों के सामने गार्ड तैनात करने की अपील

रायगढ़। दीपावली पर्व के मद्देनजर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने जिला मुख्यालय में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। इसके तहत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर एकांगी यातायात (वन-वे) व्यवस्था लागू की गई है। वहीं, पांच प्रमुख स्थानों पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने व्यापारियों, गणमान्य नागरिकों और ग्राहकों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।
पांच स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था
बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात विभाग ने पांच स्थानों को अस्थायी पार्किंग स्थल के रूप में निर्धारित किया है। इनमें सावड़िया भवन प्रांगण, गांधी गंज परिसर, रामलीला मैदान, नगर निगम कॉम्प्लेक्स (पुराना जिला शिक्षा कार्यालय) और श्याम टाकीज परिसर शामिल हैं। पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने ग्राहकों को इन निर्धारित पार्किंग स्थलों की जानकारी दें, ताकि सड़कों पर बेतरतीब वाहन खड़े न हों।
शहर के इन मार्गों पर वन-वे व्यवस्था
यातायात के सुचारु संचालन के लिए कुछ प्रमुख मार्गों पर प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। इसके तहत हण्डी चौक से हटरी चौक, केवड़ाबाड़ी चौक से हटरी चौक, गौरीशंकर मंदिर तिराहा से न्यू मार्केट तिराहा तथा मालधक्का तिराहा से गांधी प्रतिमा तिराहा की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इन पांच स्थानों से होगा यातायात डायवर्ट
यातायात पुलिस ने शहर में भीड़ नियंत्रित करने के लिए गांधी प्रतिमा, रेलवे स्टेशन चौक, शहीद चौक, गोगाराइस मिल और गद्दी चौक को डायवर्सन पॉइंट के रूप में निर्धारित किया है। इन स्थानों पर यातायात पुलिस की व्यवस्था के अनुरूप वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
पांच स्थानों पर चारपहिया वाहनों की नो एंट्री
दीपावली के दौरान बाजार क्षेत्र में भीड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए गांधी प्रतिमा, गोगाराइस मिल, हण्डी चौक, सारंगढ़ चौक (अग्रसेन चौक) और गद्दी चौक पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
व्यापारियों को भी यातायात व्यवस्था में सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने वालंटियर या गार्ड तैनात कर अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित करने, दुकानों का सामान सड़क पर नहीं फैलाने तथा कर्मचारियों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा करवाने की अपील की है। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक प्रतिष्ठान के सामने सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी सलाह दी गई है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दीपावली पर्व के दौरान बाजार में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए आम नागरिकों और व्यापारियों का सहयोग बेहद जरूरी है। निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, यातायात संकेतों और पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि त्योहार के उत्साह के बीच शहर में जाम और अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।





