कोरबाछत्तीसगढ़

अधिकारियों की टीम के साथ आयुक्त उतरे सड़क पर, साफ-सफाई कार्य, अवैध अस्थाई दखल, सी.एण्ड डी.वेस्ट व भवन निर्माण सामग्री की डम्पिंग, अतिक्रमण व गदंगी करने वालों के विरूद्ध चेतावनी, कार्यवाही व अर्थदण्ड के दिए निर्देश

“जो भी करें-बेहतर करें” की थीम पर अब सुधरेगी शहर की व्यवस्थाएं, प्रतिदिन एक से दो किलोमीटर मुख्य मार्ग किए जाएंगे व्यवस्थित, व्यवस्थाओं पर रहेगी कड़ी नजर

कोरबा 25 जून 2025। शहर के लिए ’’ जो भी करें-बेहतर करें ’’ की मजबूत थीम के आधार पर अब कोरबा शहर एवं उपनगरीय क्षेत्रों की व्यवस्थाएं सुधारी जाएंगी, बेपटरी हो रही व्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम प्रतिदिन सुबह-सुबह शहर की सड़कों पर विचरण करेगी, व्यवस्थाओं को देखेगी तथा सुधार की दिशा में कार्य करेगी। आज आयुक्त श्री पाण्डेय ने कोसाबाड़ी चौक से सुभाष चौक तक के मुख्य मार्ग का पैदल भ्रमण कर अव्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा साफ-सफाई कार्य, अवैध अस्थाई दखल, सी.एण्ड डी.वेस्ट व भवन निर्माण सामग्री डम्पिंग, अतिक्रमण व गदंगी करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही, चेतावनी एवं अर्थदण्ड किए जाने आदि के निर्देश अधिकारियों को देते हुए एक दिवस के अंदर उक्त व्यवस्थाओं में सुधार करने का अल्टीमेटम दिया।
शहर की स्वच्छता, सौदंर्यीकरण व नागरिक सुविधाओं की बेहतरी के प्रति गहरी संवेदनशीलता का भाव रखने वाले आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय डेढ़ माह के अंतराल के पश्चात हुई अपनी कोरबा वापसी के बाद अब पुनः बेपटरी होती जा रही शहर की व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने की जद्दोजहद में जुट गए हैं। आयुक्त श्री पाण्डेय ने अधिकारियों, स्वच्छता कार्य एजेंसियों व अव्यवस्था फैलाने वालों के कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अब शहर के लिए ’’ जो भी करें-बेहतर करें ’’ की थीम पर काम होग, अतः प्रतिदिन अधिकारी सुबह-सुबह शहर का भ्रमण करें, अव्यवस्थाओं का जायजा लें तथा उनमें तत्काल सुधार लाने की जमीनी कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। इसी कड़ी में आज आयुक्त श्री पाण्डेय ने अधिकारियों की टीम के साथ कोसाबाड़ी चौक से सुभाष चौक तक के मुख्य मार्ग का पैदल भ्रमण करते हुए साफ-सफाई कार्यो व शहर की व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न पहलूओं का सघन रूप से जायजा लिया, इस दौरान उन्होने साफ-सफाई कार्य, अवैध अस्थाई दखल, सी.एण्ड डी.वेस्ट व भवन निर्माण सामग्री डम्पिंग, अतिक्रमण व गदंगी करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही, चेतावनी एवं अर्थदण्ड किए जाने आदि के निर्देश अधिकारियों को देते हुए एक दिवस के अंदर उक्त व्यवस्थाओं में सुधार करने का अल्टीमेटम अधिकारियों को दिया।

रिक्त प्लाट की गदंगी दूर करें अन्यथा जुर्माना भरें

भ्रमण के दौरान कोसाबाड़ी सुभाष चौक मुख्य मार्ग में ब्लू वर्ड स्कूल के पास रिक्त भूखण्ड एवं अपना मार्ट के पास रिक्त भूखण्ड में कचरे की डम्पिंग व काफी संख्या में गदंगी बिखरी देख आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने गहरी नाराजगी जाहिर की तथा अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे संबंधित भूखण्ड मालिकों को अल्टीमेटम दें कि वे तत्काल गदंगी को साफ कराएं, भूखण्ड पर ग्रीन नेट लगाएं अन्यथा कम से कम 10 हजार रूपये का अर्थदण्ड जमा करने के लिए तैयार रहें। उन्होने कहा कि रिक्त भूखण्डों में जमा गदंगी व कचरे की डम्पिंग जहॉं एक ओर शहर की सुंदरता में धब्बा है, वहीं दूसरी ओर इस गदंगी के कारण पैदा होने वाली दुर्गंध व कीटाणु लोगों के स्वास्थ्य व पर्यावरण के लिए घातक होते हैं, अतः रिक्त भूखण्डों की गदंगी तत्काल साफ की जाए, यह अंतिम रूप से सुनिश्चित करें।

भवन निर्माण विक्रय सामग्री सड़क पर

उक्त मार्ग पर तलरेजा निवास के सामने एवं श्रीगणेश हार्डवेयर के साथ-साथ विभिन्न दुकानों के समक्ष रखी गई भवन निर्माण विक्रय सामग्री सीमेंट, सीट, लोहा छड़, गिट्टी, रेती आदि की डम्पिंग को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त श्री पाण्डेय ने इन सामग्रियों को सड़क, फुटपाथ व पार्किंग एरिया से तत्काल हटाने तथा न हटाए जाने पर सामग्री की जप्ती व अर्थदण्ड की कार्यवाही किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसी प्रकार सड़क पर खड़ी की गई मिक्चर मशीन व अन्य निर्माण वाहनों को सड़क से तत्काल हटाने एवं आवश्यक कार्यवाही किए जाने के निर्देश भी उन्होने अधिकारियों को दिए।

सड़क नाली पर कचरा डालने वालों की खिचेगी फोटो, होगी कार्यवाही

भ्रमण के दौरान सड़क पर सफाई कर रही स्वच्छता दीदियों व सफाई कर्मियों ने आयुक्त श्री पाण्डेय से शिकायत की कि झाडू लगाने के तत्काल बाद कतिपय दुकानदारों द्वारा उक्त स्थल पर पुनः प्लास्टिक पन्नी व कचरा फेंक दिया जाता है, इससे सफाई प्रभावित होती है, इसे गंभीरता से लेते हुए आयुक्त श्री पाण्डेय निगम की सफाई एजेंसियों को निर्देशित किया कि वे कचरा फेंकने वालों की फोटो मोबाईल पर लें तथा इसे तत्काल संबंधित स्वच्छता निरीक्षक व स्वास्थ्य अधिकारी को भेंजे ताकि सड़क नाली में कचरा डालने वालों के विरूद्ध यथोचित कार्यवाही की जा सके।

आयुक्त ने प्लास्टिक कचरा उठाकर डाला डस्टबिन में, अपना मार्ट पर जुर्माना

भ्रमण के दौरान उक्त मार्ग पर स्थित अपना मार्ट के सामने प्लास्टिक कचरा बिखरा पड़ा था, जिसे आयुक्त श्री पाण्डेय ने खुद अपने हाथों से उठाकर डस्टबिन में डाला, साथ ही व्यवसायिक प्रतिष्ठान अपना मार्ट पर अर्थदण्ड लगाए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसी प्रकार सुर्या इलेक्ट्रानिक्स दुकान के सामने व बरामदे में गदंगी बिखरी देख आयुक्त श्री पाण्डेय ने उस पर भी अर्थदण्ड आरोपित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

सौंदर्यीकृत स्थल पर सब्जी दुकान, तत्काल हटाने के निर्देश

कोसाबाड़ी सुभाष चौक मुख्य मार्ग में सी.एस.ई.बी. कालोनी साईड पर सड़क के किनारे निगम द्वारा मिट्टी फिलिंग, ग्रासिंग, रेलिंग ग्रिलिंग आदि के द्वारा सौंदर्यीकरण कार्य कराया गया था, उक्त सौंदर्यीकृत स्थल पर एक व्यक्ति के द्वारा टेंट कनात लगाकर सब्जी की दुकान खोल ली गई है, ग्रील आदि को तोड़ दिया गया है, जिसे गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने संबंधित पर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए दुकान को तत्काल हटाने एवं आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होने उक्त साईड में लगाए गए अवैध ठेलों, गुमठियों को हटाने के भी निर्देश दिए।

लापरवाह स्वच्छता निरीक्षकों का कटेगा वेतन

इस मौके पर आयुक्त श्री पाण्डेय ने साफ-सफाई कार्यो का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया, मौके पर उपस्थित स्वच्छता दीदियों व सफाई मित्रों से उनके कार्यो व कार्यक्षेत्र के संबंध में जानकारी ली, कचरे का समय पर उठाव न किए जाने पर संबंधित स्वच्छता एजेंसी पर नाराजगी जाहिर की, साथ ही निगम के स्वच्छता पर्यवेक्षकों व निरीक्षकों को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि निरीक्षण के दौरान सफाई कार्यो में जिन कर्मचारियों की लापरवाही दिखाई देगी उनका एक दिन का वेतन काट लिया जाएगा, अतः शहर की स्वच्छता व साफ-सफाई कार्यो को पूरी गंभीरता के साथ लें एवं निर्धारित मानदण्डां के अनुरूप प्रतिदिन सफाई कार्य हों, यह अंतिम रूप से सुनिश्चित कराएं। आयुक्त श्री पाण्डेय ने सुभाष चौक स्थित मूर्तियों के समक्ष लगाए गई बांस बल्लियों को हटाने एवं वहॉं पर वाहनों की अवैध पार्किंग न हों, यह सुनिश्चित किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

निर्देशों पर हुआ तत्काल अमल

आयुक्त  आशुतोष पाण्डेय द्वारा दिए गए निर्देशों पर निगम के अमले ने तत्काल अमल ही प्रारंभ कर दिया, एक ओर जहॉं सड़क व फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण व अस्थाई दखल को अतिक्रमण दस्ते ने हटाया, वहीं दूसरी ओर निगम के राजस्व व स्वच्छता विभाग की टीम ने निर्माण सामग्री विक्रय हेतु बाहर रखने, गदंगी फैलाने, कचरा डालने आदि पर अर्थदण्ड आरोपण की कार्यवाही करते हुए जुर्माना वसूला। इस दौरान बी.लिंगराज दोसा सेंटर कोसाबाड़ी, गणेश ट्रेडर्स, मित्तल ट्रेडर्स पर अर्थदण्ड आरोपित कर जुर्माने की राशि वसूल की गई तथा सामग्रियों को तत्काल हटवाने को कहा गया।
इस अवसर पर अपर आयुक्त श्री विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा, जनसंपर्क अधिकारी रावेन्द्र सिंह, उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर, उप अभियंता विनोद गोंड़ आदि के साथ कोसाबाड़ी जोन, स्वच्छता विभाग, उद्यान विभाग, राजस्व व अतिक्रमण शाखा के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button