featuredकॉर्पोरेटछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ पावर कंपनी में 1235 पदों पर होगी भर्ती, युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर

राज्य गठन के बाद पहली बार बिजली कंपनी में इतनी बड़ी संख्या में भर्तियां, सहायक अभियंता से लेकर डाटा एंट्री ऑपरेटर तक के पद शामिल

रायपुर, 08 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज ने विभिन्न पदों पर 1235 भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। राज्य गठन के बाद यह पहली बार है, जब बिजली कंपनियों में इतनी बड़ी संख्या में पदों पर भर्ती की जा रही है।

भर्ती में सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, प्लांट अटेंडेंट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फायर ऑफिसर एवं स्टाफ, विधि विभाग, वित्त अधिकारी और सुरक्षा विभाग सहित विभिन्न पद शामिल हैं। भर्ती छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों में होगी।

तीनों कंपनियों में इतनी रिक्तियां

कुल 1235 पदों में द्वितीय श्रेणी के 189, तृतीय श्रेणी के 711 और चतुर्थ श्रेणी के 335 पद शामिल हैं।

– पावर जनरेशन कंपनी: 547 पद

– पावर ट्रांसमिशन कंपनी: 96 पद

– पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी: 415 पद

– तीनों कंपनियों के कॉमन कैडर: 177 पद

डाटा एंट्री ऑपरेटर के सबसे ज्यादा पद

भर्ती में सबसे अधिक डाटा एंट्री ऑपरेटर के 400 पद हैं। इसके अलावा प्लांट अटेंडेंट के 300, सहायक अभियंता के 146 और कनिष्ठ अभियंता के 122 पद शामिल हैं।

बढ़ते उपभोक्ताओं और बिजली की मांग के मद्देनजर भर्ती

पावर कंपनी के मुताबिक राज्य गठन के समय प्रदेश में 18 लाख 91 हजार विद्युत उपभोक्ता थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर करीब 67 लाख हो गई है। इसी तरह बिजली की मांग भी 1334 मेगावाट से बढ़कर 7083 मेगावाट तक पहुंच गई है।

बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए कोरबा पश्चिम में 1320 मेगावाट के सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट की स्थापना का कार्य भी शुरू किया गया है। इसके साथ ही पारेषण एवं वितरण व्यवस्था में नए उपकेंद्र और बिजली लाइनें स्थापित की जा रही हैं। ऐसे में विद्युत संयंत्रों, उपकेंद्रों और लाइनों के रखरखाव तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त मैनपावर की जरूरत को देखते हुए यह भर्ती की जा रही है।

आवेदन और परीक्षा की तारीख बाद में होगी जारी

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के मुख्य अभियंता (मानव संसाधन) विभाग द्वारा भर्ती विज्ञापन जारी किया गया है। पदों की पात्रता, नियम एवं शर्तें, आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा संचालन, आवेदन की तिथि और परीक्षा तिथि की विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।

भर्ती से संबंधित आधिकारिक जानकारी छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। युवाओं को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक विज्ञापन जारी होने के बाद पात्रता और आवेदन संबंधी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक देखें।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button