featuredछत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने ली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में होंगे जनसेवा, जनभागीदारी और जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम

सभी नोडल एवं सहयोगी समन्वय अधिकारियों को कार्ययोजना जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश

बालोद 09 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय नोडल एवं सहयोगी समन्वय अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख एवं नगर पालिका दल्लीराजहरा के अध्यक्ष तोरण साहू, राज्य एथेलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लुनिया भी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने अभियान को अधिक प्रभावी और जनभागीदारीपूर्ण बनाने के लिए अपने-अपने अनुभव और आवश्यक सुझाव साझा किए।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ’सेवा संकल्प अभियान’ को केवल शासकीय कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया जाए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों एवं सहयोगी समन्वय अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों के अनुसार किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना अभियान की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

आशीर्वाद का दीया’ से होगी अभियान की शुरुआत’

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ’आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत ग्राम, जनपद और जिला स्तर पर शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के घरों में दीया प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसके लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

बच्चों और युवाओं की भागीदारी पर रहेगा जोर

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ’सेवा चित्र’ कार्यक्रम के तहत शासकीय एवं निजी स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रधानमंत्री द्वारा किए गए सेवा कार्यों और ’विकसित भारत 2047’ की संकल्पना को विषय बनाया जाएगा।
वहीं 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक ’सेवा स्मरण-संगीतमय नाट्य प्रस्तुति’ के माध्यम से पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों, प्रमुख योजनाओं और देश में हुए सकारात्मक बदलावों को सरल एवं रोचक नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से गांवों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचाया जाएगा।

आंगन मिलन से मातृ संवाद तक

25 सितंबर से 07 अक्टूबर तक ’आंगन मिलन’ कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के साथ माताओं को आमंत्रित कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही माताओं के साथ ’मातृ संवाद’ आयोजित कर उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियां होंगी साझा

पूरे अभियान के दौरान ’कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत शासकीय योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की प्रेरक सफलता की कहानियों पर लघु फिल्में तैयार की जाएंगी। इन कहानियों को सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से प्रचारित किया जाएगा, ताकि शासन की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंच सके।

सेवा ज्योति यात्रा और ’सेवा मेरा योगदान’

 07 अक्टूबर को ’सेवा ज्योति यात्रा’के तहत ’विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प के साथ जिले के गांवों और शहरों में पैदल एवं बाइक रैली निकाली जाएगी। वहीं 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ’सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 25 प्रमुख गतिविधियों में नागरिकों को श्रमदान और समाजसेवा के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसमें सहभागिता करने वाले नागरिकों को ’माय भारत पोर्टल’ के माध्यम से डिजिटल प्रमाण पत्र भी जारी किए जाएंगे।

जल संरक्षण और जनसमस्याओं के समाधान पर विशेष फोकस

अभियान अवधि में ’जल जन सेवा संकल्प’ के तहत जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल जीवन मिशन और ’हर घर जल’ जैसी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों एवं विकासखंडों में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ’सेवा सेतु कैंप’ आयोजित किए जाएंगे। ’सेवा के रंग’ कार्यक्रम के तहत सार्वजनिक स्थलों पर ’ह्यूमन रंगोली’ और भव्य ’भारत मंडल रंगोली’ का निर्माण किया जाएगा।

युवाओं के नवाचार को मिलेगा मंच

हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज के माध्यम से स्थानीय युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स को स्थानीय एवं जमीनी समस्याओं के नए और उपयोगी समाधान खोजने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

17 अक्टूबर को होगा ’जनसेवक महाकुंभ’

अभियान के समापन अवसर पर 17 अक्टूबर को ’जनसेवक महाकुंभ’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं से लेकर संसद तक के जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए ’पंचायत से पार्लियामेंट’ महाकुंभ आयोजित किया जाएगा।
बैठक में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख एवं नगर पालिका दल्लीराजहरा के अध्यक्ष  तोरण साहू ने अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने, अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ने तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने प्राप्त सुझावों को उपयोगी बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने सभी नोडल अधिकारियों एवं सहयोगी समन्वय अधिकारियों से कहा कि वे अपने- अपने दायित्वों के तहत किए जाने वाले कार्यों की स्पष्ट एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर जल्द जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। उन्होंने शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुरूप सभी कार्यक्रमों का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर  चंद्रकांत कौशिक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर एवं आशीष पेंद्रो सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Back to top button