
जल जीवन मिशन अंतर्गत पामगढ़ समूह जल प्रदाय योजना के तहत निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का किया अवलोकन

खरौद में जल आवर्धन योजना में धीमी प्रगति, कलेक्टर ने ठेकेदार को लगाई फटकार

महानदी से पेयजल आपूर्ति की दिशा में कार्य प्रगति पर

जांजगीर-चांपा, 10 अप्रैल / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप जिले में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं नागरिकों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने नगरीय निकाय शिवरीनारायण एवं खरौद में निर्माणाधीन जल आवर्धन योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इन योजनाओं के पूर्ण होने पर दोनों नगरीय क्षेत्रों में महानदी से शुद्ध एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री महोबे ने ओवरहेड टैंक निर्माण, पाइपलाइन विस्तार, जल स्रोत से कनेक्टिविटी तथा अन्य तकनीकी कार्यों की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। खरौद में निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने ठेकेदार के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य में तत्काल गति लाई जाए, अन्यथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर कलेक्टर श्री महोबे ने जल जीवन मिशन अंतर्गत पामगढ़ समूह जल प्रदाय योजना के तहत निर्माणाधीन जल शुद्धिकरण संयंत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संयंत्र की कार्यप्रणाली, निर्माण गुणवत्ता तथा प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि योजना का कार्य शीघ्र पूर्ण कर आमजन को लाभान्वित किया जा सके।कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी प्रकार की बाधा को समय रहते दूर कर कार्यों को गति प्रदान की जाए। कलेक्टर द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि जिले में संचालित सभी निर्माण कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है और समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान एसडीम, सीएमओ एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



