कोरबा, 1 सितंबर 2026। जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत अयोध्यापुरी में साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर जागृति अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान थाना दर्री प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार यादव ने नागरिकों को बढ़ते ऑनलाइन अपराधों, साइबर ठगी और डिजिटल फ्रॉड से सतर्क रहने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी ने लोगों को समझाया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी अथवा किसी शासकीय संस्था का कर्मचारी बनकर फोन करना, केवाईसी अपडेट के नाम पर लिंक भेजना, ओटीपी एवं बैंक संबंधी जानकारी मांगना, फर्जी निवेश योजनाओं का झांसा देना तथा सोशल मीडिया के माध्यम से ठगी करना इसके प्रमुख तरीके हैं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड, बैंक डिटेल या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध एप डाउनलोड करने से भी बचें।

अभियान के दौरान साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल कार्रवाई करने की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने बताया कि ठगी होने की स्थिति में बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि रकम को होल्ड कराने और आरोपी तक पहुंचने की कार्रवाई जल्द शुरू की जा सके।

पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव में जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। लोगों को स्वयं सतर्क रहने के साथ-साथ अपने परिवार के बुजुर्गों और बच्चों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।





