सरगुजा-सूरजपुर की संयुक्त समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश, योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर


अंबिकापुर, 7 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बुधवार को जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सरगुजा एवं सूरजपुर जिले के विभागीय कार्यों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और जनहित से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए।
उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से समझें और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में कलेक्टर सरगुजा अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील, जिला पंचायत सरगुजा की सीईओ रोमा श्रीवास्तव, जिला पंचायत सूरजपुर के सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, नगर निगम अंबिकापुर आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
शहरों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शहर किसी भी प्रदेश और जिले की छवि एवं प्रतिष्ठा का प्रतिबिंब होते हैं। इसलिए नगरीय निकायों में स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं और नागरिक सेवाओं की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के प्रगतिरत निर्माण कार्यों को अक्टूबर माह में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद, स्वच्छ भारत मिशन, 15वें वित्त आयोग, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और राजस्व संग्रहण सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की।
साव ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य तत्काल शुरू कराया जाए और प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने हर घर तक नल पहुंचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
त्योहारों से पहले सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने बारिश के बाद सड़कों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने और पैचवर्क का काम जल्द पूरा किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। सड़कों, भवनों, पुल-पुलियों और अन्य अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की लगातार निगरानी की जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
हर घर तक पेयजल पहुंचाने पर जोर
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में जल जीवन मिशन सहित पेयजल योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। उपमुख्यमंत्री ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने, जल स्रोतों की उपलब्धता बनाए रखने और पेयजल से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा पेयजल अधोसंरचना के रखरखाव और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेल विभाग, जिला पंचायत सीईओ और शिक्षा विभाग को संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्कूल संकुलवार एक-एक पीटीआई को चिन्हित कर खेल गतिविधियां संचालित कराने को कहा। साथ ही सरगुजा ओलंपिक के रजिस्ट्रेशन और प्रचार-प्रसार को व्यापक बनाने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि खेल युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करता है। इसलिए स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।
हर विभाग में मीडिया सेल बनाने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री साव ने सभी विभागों को अपनी योजनाओं और उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया सेल गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कार्यालयों की व्यवस्था और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
कलेक्टर सरगुजा अजीत वसंत ने कहा कि बैठक में उपमुख्यमंत्री द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का विभागीय अधिकारी टीम भावना के साथ पालन करेंगे और शासन की योजनाओं को प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुंचाने के लिए बेहतर कार्य करेंगे।





