featuredछत्तीसगढ़

सांसद कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक सम्पन्न

विकास कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को करें लाभान्वित – सांसद कमलेश जांगड़े

सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा -निर्देश

जांजगीर-चांपा, 16 फरवरी/ लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा की सांसद कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र प्रवर्तित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विधायक जांजगीर-चांपा ब्यास कश्यप, पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, सर्व नगर पालिका, नगर पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष, संजय रामचंद्र अग्रवाल, गुलजार सिंह, संदीप यादव, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, वनमंडलाधिकारी  हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

सांसद श्रीमती जांगड़े ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने और समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जनता को आवागमन में असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा कार्य पूर्ण होने के बाद स्थल को पूर्व स्थिति में लाना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
सांसद श्रीमती जांगड़े ने बालिका विद्यालयों में शौचालय निर्माण को प्राथमिकता देते हुए कहा कि छात्राओं की सुविधा और स्वच्छता सर्वाेपरि है। जहां निर्माण कार्य अधूरा है, उसे शीघ्र पूर्ण कर उपयोग हेतु उपलब्ध कराया जाए। राशन दुकानों की संख्या बढ़ाने के संबंध में उन्होंने दूरस्थ एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न मिल सके। उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत अधिक से अधिक मजदूरी मूलक कार्य स्वीकृत कर ग्रामीणों को व्यापक स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कृषि आरडीएसएस अंतर्गत लाइन विस्तार एवं ट्रांसफार्मर उन्नयन कार्यों की समीक्षा की गई। जांजगीर क्षेत्र में 132 केव्ही विद्युत उपकेंद्र की स्थापना के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
सांसद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित एवं प्रगतिरत सड़कों की समीक्षा की।उन्होंने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन के पात्र हितग्राहियों को समय पर राशि उपलब्ध कराने और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सभी पात्र हितग्राहियों का अपूर्ण आवासों का निर्माण गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
सांसद ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज एवं खाद उपलब्ध कराने, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से संतुलित उर्वरक उपयोग हेतु जागरूक करने और ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार से अधिकाधिक किसानों को जोड़ने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत समय पर पंजीयन एवं दावा निराकरण सुनिश्चित करने तथा धान के अलावा दलहन, तिलहन एवं अन्य फसलों को प्रोत्साहन देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नहरों से समय पर पानी छोड़ने और निस्तारी हेतु पर्याप्त जल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। क्षतिग्रस्त नहरों की शीघ्र मरम्मत कराने को कहा गया। उन्होंनेे पशुपालन एवं डेयरी विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए पशुओं के टीकाकरण, दुग्ध उत्पादन वृद्धि और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा करते हुए सांसद ने निर्देश दिए कि जहां आंगनबाड़ी केंद्र किराए या अनुपयुक्त भवनों में संचालित हो रहे हैं, वहां प्राथमिकता से नए भवन स्वीकृत कर शीघ्र निर्माण कराया जाए।

सांसद श्रीमती जांगड़े द्वारा स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सांसद ने शिक्षा विभाग की योजनाओं में जिले में स्थित जर्जर स्कूल भवनों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं नियमितता में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध हो सके। सांसद ने निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि आमजन को आवागमन में असुविधा न हो।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button