डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया, मोबाइल एप और सीएमएमएस पोर्टल के संबंध में दी गई जानकारी

जांजगीर-चांपा, 26 अक्टूबर26। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत जिले में जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में अधिकारियों को जनगणना के द्वितीय चरण की कार्यप्रणाली, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन एवं प्रविष्टि, सीएमएमएस पोर्टल और मोबाइल एप के उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन, प्रशासनिक तैयारियों, मानव संसाधन की उपलब्धता तथा अधिकारियों- कर्मचारियों के दायित्वों पर चर्चा की गई। मैदानी स्तर पर समन्वय बनाए रखने, निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने और संभावित समस्याओं के समाधान से जुड़े पहलुओं को भी प्रशिक्षण में शामिल किया गया।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जनगणना को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता एवं निष्ठा से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण में दी गई जानकारी और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए जनगणना संबंधी कार्यों को समयबद्ध, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने कहा।





