जांजगीर कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अपहृत बालिका को सकुशल बरामद करने के बाद विवेचना में हुआ खुलासा
जांजगीर-चांपा। नाबालिग बालिकाओं से संबंधित अपराधों के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर नाबालिग बालिका से अनाचार करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भुवन साहू निवासी वार्ड क्रमांक 06 खोरसी, थाना शिवरीनारायण के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को एक नाबालिग बालिका को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले जाने की सूचना पर थाना सिटी कोतवाली जांजगीर में अपराध क्रमांक 862/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने अपहृत बालिका की लगातार पतासाजी की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।
विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी भुवन साहू ने नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर उसके साथ अनाचार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस टीम का रहा सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, एएसआई अरुण सिंह, मुकेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक अनिल सिंह एवं आरक्षक दिलीप सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नाबालिग बालिकाओं से संबंधित अपराधों में गंभीरता से कार्रवाई करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।







