
पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह ने ‘बाल विवाह मुक्त भारत रथ’ में हस्ताक्षर कर 100 दिवसीय अभियान से जुड़ने का लिया संकल्प

जशपुरनगर 18 फरवरी 2026/ जशपुर जिले को सामाजिक बुराइयों से मुक्त कर आदर्श जिला बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह ने ‘बाल विवाह मुक्त भारत रथ’ में हस्ताक्षर कर अपना सक्रिय योगदान दिया। उन्होंने देशव्यापी 100 दिवसीय अभियान का हिस्सा बनते हुए बाल विवाह उन्मूलन के संकल्प को दोहराया। यह अभियान सेंटर फॉर पावर्टी एलिविएशन एंड सोशल रिसर्च तथा जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समाज में बाल विवाह जैसी कुप्रथा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसके दुष्परिणामों के बारे में व्यापक जनचेतना विकसित करना है।
बाल विवाह मुक्त भारत रथ जिले के विभिन्न ग्रामों में भ्रमण कर आम नागरिकों को बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूक करेगा। रथ के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी तथा विधिक प्रावधानों के बारे में भी अवगत कराया जाएगा। पुलिस अधीक्षक श्री लाल उम्मेद सिंह ने इस अवसर पर कहा कि बाल विवाह न केवल बालिकाओं के स्वास्थ्य और शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है, बल्कि समाज के समग्र विकास में भी बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सहभागी बनने और बाल विवाह के विरुद्ध सशक्त आवाज उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला समन्वयक अंजली ताम्रकार, बबीता ताम्रकार एवं अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयास से जशपुर को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।



