पावरहाउस रोड पर डामरीकरण के बाद पानी डालने पर कार्रवाई, प्रत्येक दुकान से वसूले 2-2 हजार रुपये
कोरबा, 29 अक्टूबर 2026। कोरबा शहर के पावरहाउस रोड पर नवनिर्मित डामरीकृत सड़क की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नगर पालिक निगम ने कार्रवाई की है। सड़क निर्माण के दौरान पानी डालने, वाहनों की धुलाई करने और दुकानों के सामने पानी बहाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगम ने तीन दुकानों पर 2-2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही संबंधित दुकानदारों को भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई है।
समझाइश के बाद भी नहीं माने दुकानदार
नगर निगम के कोरबा जोन अंतर्गत सुनालिया ब्रिज से मस्जिद होते हुए रेलवे क्रॉसिंग तक पावरहाउस रोड का डामरीकरण कराया जा रहा है। इस सड़क के निर्माण का उद्देश्य क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
निगम के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान कुछ दुकानदारों एवं अन्य लोगों द्वारा सड़क पर पानी डाला जा रहा था। दुकानों के सामने पानी बहाने और वाहनों की धुलाई जैसी गतिविधियों से सड़क निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका थी। निगम द्वारा लगातार समझाइश देने के बावजूद जब लापरवाही जारी रही, तब 25 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई की गई।
नवीन इलेक्ट्रिकल, अग्रवाल स्टोर और मोती ब्रदर्स पर जुर्माना
सड़क पर पानी डालने के मामले में नगर निगम ने नवीन इलेक्ट्रिकल, अग्रवाल स्टोर और मोती ब्रदर्स पर 2-2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। तीनों दुकानों पर कुल 6 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। संबंधित दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि सड़क पर पानी डालने से यदि निर्माण कार्य अथवा सड़क को नुकसान पहुंचता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित दुकान की होगी। भविष्य में भी ऐसी गतिविधियां पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका
नगर निगम के मुताबिक, बिटुमिनस सड़क का निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों और प्रक्रिया के अनुसार किया जाता है। निर्माण के दौरान अनावश्यक रूप से पानी डालने और सड़क पर पानी बहाने से कार्य प्रभावित हो सकता है। इससे सड़क की गुणवत्ता और टिकाऊपन पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका रहती है।
निगम की अपील,विकास कार्य में बाधा न बनें
नगर निगम ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि सड़क निर्माण पूरा होने तक निर्माणाधीन हिस्से पर पानी न डालें, सड़क पर वाहनों की धुलाई न करें और दुकानों के सामने पानी बहाने से बचें।
निगम का कहना है कि पावरहाउस रोड का निर्माण जनहित में कराया जा रहा है। सड़क का लाभ लंबे समय तक मिल सके, इसके लिए निर्माण एजेंसी के साथ-साथ नागरिकों और व्यापारियों का सहयोग भी जरूरी है। निगम ने स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों को प्रभावित करने वाली लापरवाही के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।





