चेतना विरुद्ध नशा व प्रहार अभियान के तहत कार्रवाई, 12.240 लीटर देशी शराब और परिवहन में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स बाइक जब्त, दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए
बिलासपुर/कोटा। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। चेतना विरुद्ध नशा व प्रहार अभियान के तहत कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक से भारी मात्रा में देशी शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहे दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 68 पाव देशी प्लेन शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और गांजा बिक्री करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 2 नवंबर 2026 को कोटा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति हीरो एचएफ डीलक्स बाइक क्रमांक CG 10 EE 9226 में भारी मात्रा में देशी प्लेन शराब लेकर मरही कापा की ओर जा रहे हैं। शराब को बिक्री के उद्देश्य से ले जाने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर महामाया ढाबा, गोबरीपाट के पास घेराबंदी की गई। पुलिस ने संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली तो एक काले रंग की प्लास्टिक बोरी में 180 एमएल की 68 सीलबंद बोतलें बरामद हुईं। इनमें शोले प्लेन देशी मदिरा अंकित थी। कुल 12.240 लीटर शराब की कीमत 5,440 रुपये बताई गई है।
दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक भी जब्त
पुलिस ने मौके से संदीप यादव (21 वर्ष), निवासी मरही कापा और पवन कुमार जगत (25 वर्ष), निवासी कुवारीमुंडा, थाना कोटा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 68 पाव देशी शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त लाल-सफेद रंग की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कोटा में अपराध क्रमांक 954/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्र.उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, प्र.उप निरीक्षक दिलीप साहू, सहायक उप निरीक्षक गोपाल खांडेकर, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव एवं आरक्षक धर्मेंद्र साहू की विशेष भूमिका रही।
कोटा पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





