रूमगरा में अवैध डंपिंग का खुलासा, देर रात पकड़े गए वाहन; पर्यावरण विभाग ने कड़ा रुख अपनाया
कोरबा। जिले में फ्लाई ऐश के अवैध परिवहन और डंपिंग को लेकर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा ने मेसर्स एन.टी.पी.सी. लिमिटेड, जमनीपाली के विरुद्ध ₹15 लाख की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की है। कार्रवाई से फ्लाई ऐश के अवैध डंपिंग में लगे लोगों और संस्थानों में हड़कंप मचा है।
क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यालय को दूरभाष के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर 9 सितंबर 2026 की रात रूमगरा हवाई पट्टी चौक के निकट गुप्ता होटल के पास स्थित भूमि पर फ्लाई ऐश की अवैध डंपिंग करते हुए वाहनों को पकड़ा गया।
जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित वाहनों के माध्यम से एन.टी.पी.सी. लिमिटेड, जमनीपाली, कोरबा के धनरास राखड़ बांध से फ्लाई ऐश लोड कर उक्त स्थल पर अवैध रूप से डंपिंग की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय अधिकारी ने तत्काल एन.टी.पी.सी. के अधिकारियों को इसकी सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
फ्लाई ऐश की मात्रा के आधार पर लगाया ₹15 लाख का जुर्माना
मौके पर डंप की गई फ्लाई ऐश की मात्रा के आधार पर एन.टी.पी.सी. लिमिटेड, जमनीपाली के विरुद्ध ₹15 लाख की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है। पर्यावरण संरक्षण मंडल ने स्पष्ट किया है कि फ्लाई ऐश का अवैध परिवहन और डंपिंग पर्यावरणीय नियमों का गंभीर उल्लंघन है।
क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा फ्लाई ऐश के अवैध परिवहन एवं डंपिंग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को पकड़ने की कार्रवाई जारी है।
आगे भी पकड़े गए तो होगी कड़ी कार्रवाई
पर्यावरण विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियां दोबारा पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति अथवा संस्था के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के साथ पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति भी अधिरोपित की जाएगी।
फ्लाई ऐश के सुरक्षित निपटारे और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभाग की इस कार्रवाई ने साफ संकेत दिया है कि पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ सकती है।





