देश

नूंह में विवाहिता की गला दबाकर हत्या, पति बोला- लुटेरों ने मारा, हंसली लूटी, भाई ने कहा- जीजा ही हत्यारा, 3 महीने पहले शादी हुई

हरियाणा,11 फ़रवरी 2025नूंह में एक 18 वर्षीय नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई है। उसकी शादी करीब 3 महीने पहले हुई थी। यह वारदात तब हुई जब विवाहिता मायके में अपनी मां से मिलकर पति के साथ ससुराल लौट रही थी।

विवाहिता के पति ने 5 अज्ञातों के खिलाफ लूट के बाद गला दबाकर हत्या करने का मामला दर्ज कराया है। वहीं, विवाहिता के मायके वालों का आरोप है कि उसकी हत्या पति ने ही की है। वह शादी के बाद से ही ज्यादा दहेज की मांग कर रहा था।

उसे अपाचे बाइक चाहिए थी। इसे लेकर वह 3 महीने के अंदर कई बार झगड़ा भी कर चुका है। फिलहाल, पुलिस ने पति की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। साथ ही मायके वालों के बयानों के आधार पर भी जांच की जा रही है।

विवाहिता की मौत की 2 कहानियां सामने आईं…

मृतका के पति ने यह कहानी बताई
मृतका की पहचान सना (18) के रूप में हुई है। वह नूंह में नगीना थाना क्षेत्र के उलेटा की रहने वाली थी। नगीना थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया है कि सना की बीते साल नवंबर में पुन्हाना के रहने वाले साहुन के साथ शादी हुई थी।

साहुन ने ही पुलिस को शिकायत दी है कि बीते सोमवार को वह सना को लेकर उसके मायके गया था। वहां सना की मां की तबीयत खराब थी। वहां से रात करीब 9 बजे वे दोनों बाइक पर वापस घर आ रहे थे। जब वे नगीना में ही करहेडा-भादस रोड पर पहुंचे तो एक फैक्ट्री के पास एक स्कॉर्पियो ने उनका रास्ता रोक लिया।

5 अज्ञात लोगों ने गला दबाकर मारा
मृतका के पति का कहना है कि गाड़ी से 5 अज्ञात बदमाश उतरे। उन्होंने फौरन हमसे सामान छीनना शुरू कर दिया। उन्होंने मुझसे 50 हजार रुपए कैश लूट लिया, वहीं मेरी पत्नी सना से उसकी हंसली छीनने की कोशिश की। जब सना ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसका गला दबा दिया।

गला दबने से सना बेहोश हो गई और जमीन पर गिर गई। इसके बाद बदमाश उसकी हंसली लेकर भाग गए। जाते-जाते उन्होंने हमारी बाइक में भी आग लगा दी। मैं चिल्लाता रह गया। हालांकि, आग को देखकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे। मैंने भी घर वालों को सूचना दी। इसके बाद सभी ने मिलकर सना को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शादी में दहेज के लिए किया था झगड़ा
वहीं, मृतका के भाई तालिबान उर्फ साजिद ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि उसकी बहन की हत्या उसके पति साहुन ने ही की है। साजिद का कहना है कि 3 महीने पहले उसकी बहन सना की शादी साहुन से हुई। शादी के समय ही शादी लगभग बिगड़ गई थी। बस यह समझिए कि हमने लड़की को विदा कर दिया था।

साजिद ने कहा- साहुन दहेज मांग रहा था। उसे हमने काफी कुछ दिया था, फिर भी उसकी अपाचे बाइक की डिमांड थी। शादी से 3 दिन पहले उसने शादी में अड़ंगा डाला था। हालांकि, उसी समय बिरादरी की बैठक हुई थी, तो बात बन गई थी और शादी कर सना को विदा कर दिया।

अंधेरे का फायदा उठाकर हत्या की
मृतका का भाई बोला- इसके बाद भी सना ससुराल में खुश नहीं थी। उससे क्लेश होता रहता था। साहुन उसे अक्सर शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहता था। सोमवार को सना मां को देखने आई थी तो हमने घर से उसे हंसी-खुशी ही विदा किया था।

इसके बाद रास्ते में अंधेरे का फायदा उठाकर साहुन ने सना का गला दबा दिया और उसकी हत्या कर दी। दिखावे के लिए उसने अपनी बाइक जला दी। अगर बदमाशों ने लूटा होता तो साहुन के शरीर पर भी चोट के निशान होते, लेकिन ऐसा कुछ है ही नहीं, क्योंकि सना को साहुन ने ही मारा है।

DSP बोले- CCTV खंगाल रही पुलिस
मृतका के परिजनों के आरोपों पर पुलिस ने साहुन को आज सुबह ही हिरासत में ले लिया था। उससे पूछताछ की जा रही है। मृतका का शव पोस्टमॉर्टम के लिए अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा की मॉर्च्युरी में रखवा गया है, जहां डॉक्टरों के बोर्ड की निगरानी में उसका पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है।

मौके पर पुलिस बल तैनात है। आज सुबह मायके और ससुराल वाले अस्पताल में ही आपस में भिड़ गए थे। पुलिस ने उन्हें शांत कराया। DSP अजायब सिंह ने कहा है कि दुर्घटना कल रात एक फैक्ट्री के पास हुई है। वहां आसपास के CCTV चेक किए जा रहे हैं।

मृतका के पति ने राजस्थान नंबर की गाड़ी का जिक्र किया है, जिसमें सवार बदमाशों ने लूटपाट की। उसकी भी छानबीन की जा रही है। इन्वेस्टिगेशन पूरी होने के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।

newsagradoot

News Agradeoot is a trusted Hindi news website delivering the latest breaking news, local updates, national headlines, and in-depth analysis from India and around the world. We focus on politics, education, technology, business, entertainment, and social issues, providing accurate, fast, and unbiased journalism. Our mission is to keep readers informed with reliable news, fact-checked stories, and real-time updates. News Agradeoot believes in responsible digital journalism and reader-first reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button