अब 14 सदस्यों की होगी नगर निगम कोरबा की मेयर इन काउंसिल
कोरबा, 8 सितंबर 2026। नगर पालिक निगम कोरबा की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) का विस्तार कर दिया गया है। महापौर संजूदेवी राजपूत ने सोमवार को आदेश जारी करते हुए पांच निर्वाचित पार्षदों को एमआईसी में शामिल किया। इसके साथ ही एमआईसी में प्रभारी सदस्यों की संख्या 9 से बढ़कर 14 हो गई है।
महापौर द्वारा जारी आदेश के अनुसार अशोक चावलानी को सामान्य प्रशासन एवं विधायी कार्य तथा नगरीय नियोजन विभाग, नरेन्द्र देवांगन को वित्त, लेखा एवं अंकेक्षण तथा राजस्व विभाग,चन्द्रकली जायसवाल को खाद्य विभाग, किशनलाल केंवट को शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा प्रेमकुमार साहू को यांत्रिकी एवं सामाजिक कल्याण विभाग का प्रभारी सदस्य नियुक्त किया गया है।
14 सदस्यों के बीच विभागों का दायित्व
एमआईसी के विस्तारित स्वरूप में अब कुल 14 प्रभारी सदस्य शामिल हैं। इनमें अशोक चावलानी, नरेन्द्र देवांगन, चन्द्रकली जायसवाल, किशनलाल केंवट और प्रेमकुमार साहू के अलावा हितानंद अग्रवाल को लोक कर्म, भानुमति जायसवाल को पर्यावरण, अजय गोंड़ को संस्कृति एवं पर्यटन, फिरतराम साहू को जल कार्य, धनकुमारी गर्ग को मनोरंजन एवं विरासत संरक्षण, उर्वशी राठौर को महिला एवं बाल विकास, ममता यादव को गरीब उपशमन, अजय कुमार चन्द्रा को अग्निशमन एवं विद्युत संधारण तथा सरोज शांडिल्य को उद्यानिकी विभाग का प्रभारी बनाया गया है।
एमआईसी के विस्तार के बाद अब नगर निगम के विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी 14 प्रभारी सदस्यों के बीच होगी। महापौर के इस निर्णय से निगम के विभागीय कामकाज में जिम्मेदारियों के व्यापक वितरण के साथ राजनीतिक और प्रशासनिक समन्वय को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।





